कोरोना को मात देने के लिए उम्मीद का टीका कोविशिल्ड सोमवार को जिले में पांच जगह लगाया जाएगा। इसमें सबसे अहम स्थान पीजीआईएमएस का सभागार होगा। यहां एक साथ तीन सेंटर बनाए गए हैं, जहां 9 हजार से अधिक कोरोना वॉरियर्स के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा जिला अस्पताल व पीएचसी गौकर्ण पर भी कोविशिल्ड वैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल जीत त्रेहान ने बताया कि हर सेंटर के पास 100-100 वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। सभी के यहां जिनको टीका लगाया जाना है, उनको संदेश भेजा जा चुका है। इसके साथ ही पांचों सेंटर में टीकाकरण करवाने वालों की सूची भी है। इसी के आधार पर सभी को टीका लगाया जाएगा। गौरतलब है कि जिले में 10,950 के करीब वैैक्सीन की डोज आई है। शनिवार को अभियान के पहले दिन 139 को टीका लगाया गया और अब सोमवार को दूसरे दिन अभियान चलाया जाएगा। वहीं पीजीआईएमएस के निदेशक की बात करें तो वह शनिवार को जिला अस्पताल में टीकाकरण करवा चुके हैं। इसके अलावा कुलपति व अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहले ही कोवैक्सीन की रिसर्च का हिस्सा बन चुके हैं।
पांच कर्मचारी करेंगे सभी से संपर्क
डॉ. अनिलजीत त्रेहान ने बताया कि सोमवार को पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी कि वह टीकाकरण कराने वाले हर व्यक्ति से संपर्क करें और उनका हाल पूछें। विभाग 24 से 36 घंटे बाद टीकाकरण कराने वालों से बात करेगा और रिकॉर्ड को सरकार के पास भेजेगा। अभी तक किसी भी टीकाकरण कराने वाले को स्वास्थ्य संबंधी अधिक समस्या नहीं हुई है।
रात दस बजे बाद कुछ लोगों को हुआ हल्का बुखार
शनिवार को टीकाकरण के बाद देर रात दस बजे कुछ लोगों को हल्के बुखार की शिकायत हुई। इसके साथ ही कुछ लोगों को टीका लगाए जाने के स्थान पर कुछ दर्द रहा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इस समस्या को सामान्य बताया है, जोकि एक सामान्य टीकाकरण के बाद भी हो जाती है।
शनिवार को जिनको भी टीका लगाया गया, वे सब ठीक हैं। सोमवार को अन्य लोगों को लिस्ट के हिसाब से टीका लगाया जाएगा। बुखार होना व टीके के स्थान पर जलन होना सामान्य लक्षण हैं। किसी को समस्या होने की सूचना नहीं है। सभी टीकाकरण करवाने वालों को हेल्पलाइन नंबर दिया गया है।
- डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन