वैक्सिन लगवाते डॉ. ध्रूव चौधरी।
रोहतक। पीजीआईएमएस में कोविड-19 के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में मंगलवार को कोविशील्ड वैक्सीनेशन शुरू किया गया। इसमें प्रदेश के नोडल अधिकारी कोविड-19 डॉ. ध्रुव चौधरी व संस्थान की नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट ईशवंती मलिक को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई गई। टीकाकरण सेंटर पर सबसे पहला टीका नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट लगवानी पहुंची तो स्टाफ को जागरूक करने के लिए दूसरा टीका डॉ. ध्रूव चौधरी ने लगवाया।
स्टाफ नर्सों को जागरूक करते हुए डॉ. ध्रुव चौधरी ने कहा कि अब संस्थान में दो वैक्सीन उपलब्ध हो गई है और वैक्सिन लगवाने के लिए सिर्फ पांच दिन बाकी हैं। कुलपति डॉ. ओपी कालरा की ओर से टीकाकरण के लिए दिलाए गए अतिरिक्त समय का सभी को लाभ उठाना चाहिए। संस्थान में 1700 से अधिक कर्मचारी टीकाकरण करवा चुके हैं। टीका लगवा कर सभी को स्वयं को सुरक्षित कर बीमारी को जड़ से मिटाना अनिवार्य है। नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट ईशवंती मलिक ने बताया कि उनके पास करीब 1100 स्टाफ नर्सें हैं, इसमें वही टीकाकरण के जागरूक कर सकते हैं जो स्वयं टीका लगवा चुके हों। वह कोरोना से 28 दिन पहले ही ठीक हो चके हैं। जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. वरुण अरोड़ा ने बताया कि आज संस्थान में कोविड वैक्सिनेशन के प्रभारी डॉ. आरबी जैन के दिशा-निर्देशन में टीका लगवाया है। डीएमएस डॉ. महेश महला के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने भी वैक्सिनेशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंगलवार को दोपहर चार बजे तक 479 कर्मचारियों ने वैक्सिन लगवाई।