शहर के डेयरी मोहल्ले में मंगलवार देर रात दो पक्षों में झगड़ा हो गया, जिसमें मोबाइल फोन के मिस्त्री व उसका दोस्त को चाकू मारकर घायल कर दिया। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय मनप्रीत ने दी शिकायत में बताया कि वह मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। मंगलवार रात को मोहल्ले में ही दुकान पर सामान लेने गया था । उसी समय लीला किराना स्टोर के पास करीब तीन-चार बाइक पर आठ से 10 लड़के खड़े थे। युवक बेवजह उसे पीटने लगे। एक युवक ने उसके पैर में चाकू मार दिया। इसी बीच उसका दोस्त अंकित निवासी सोगन वाली गली नजदीक माता दरवाजा आ गया। उसने बचाव किया तो उसकी पीठ में युवकों ने चाकू मार दिया। पुलिस ने रितिक, हिटलर, छोटा, गोलगप्पा व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।