माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के किला रोड बाजार में त्योहारी सीजन में सोमवार को हल्की बारिश के बाद कीचड़ फैल गया। महिला ग्राहकों व व्यापारियों को बाजार से गुजरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। निगम आयुक्त ने ठेकेदार को बुलाकर चेतावनी दी कि अगर शुक्रवार तक सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो ब्लैकलिस्ट में डाल देंगे।
करीब एक साल पहले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले किला रोड बाजार के सुंदरीकरण का 1.40 करोड़ का टेंडर हुआ था। बाजार के दोनों तरफ नाले बनाने व सड़क के बीच से खंभे हटाने का कार्य पूरा हो चुका है। तीन माह से सड़क का निर्माण चल रहा है लेकिन अब तक पूरा नहीं हुआ है। इससे परेशान व्यापारी बाजार के पूर्व प्रधान बिट्टू सचदेवा व ललित सुनैजा और पार्षद कपिल नागपाल के साथ निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा से मिले और जल्द बची सड़क का निर्माण पूरा करने की मांग की।
व्यापारियों व पार्षद की मौजूदगी में निगम आयुक्त ने ठेकेदार को बुलाया। पूछा धीमी गति से काम क्यों चल रहा है। ठेकेदार ने कहा कि शनिवार को बची सड़क तोड़ने के लिए बुलडोजर भेजा था लेकिन व्यापारियों ने मना कर दिया। दिन में बाजार के अंदर भीड़ भी रहती है।
चार दिन में एक ट्राॅली टाइल आ रही, दीपावली के बचे मात्र 14 दिन
व्यापारियों के लिए दीपावली से पहले त्योहारी सीजन अहम होता है। तीन माह से सड़क निर्माण चल रहा है जो अब तक पूरा नहीं हुआ। ठेकेदार चार दिन में एक ट्राॅली टाइल मंगवाता है फिर काम बंद हो जाता है। रविवार रात व सोमवार को दिन में बारिश से बाजार में कीचड़ फैल गया।
- बिट्टू सचदेवा, पूर्व प्रधान किला रोड बाजार
.......
ठेकेदार को कड़ी हिदायत दी है कि शुक्रवार तक सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो ब्लैकलिस्ट में डाल दिया जाएगा। व्यापारियों की परेशानी जायज है।
- डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम