गोहाना अड्डा व सुखपुरा चौक के बीच कृष्णा कॉलोनी के भाठ मोहल्ला निवासी एक युवक का ऑटो सवार तीन युवक अपहरण कर ले गए। तीनों आरोपियों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की। पीछा करते हुए जब लोग वहां पहुंचे तो आरोपी युवक को सड़क पर फेंक कर भाग गए।
भाठ कालोनी निवासी राजबीर ने बताया कि रात पौने 12 बजे वह अपने मकान के बाहर बैठा था। वहां पर एक ऑटो आया। ऑटो में बैठे तीन आरोपियों ने आवाज देकर राजबीर को बुलाया। राजबीर उनके पास गया तो उन्होंने उसे ऑटो में खींच लिया और गोहाना अड्डा की तरफ ऑटो को दौड़ा ले गए।
चलती ऑटो में ही उन्होंने राजबीर को पीटना शुरू कर दिया। उसके बाद वे उसे गोहाना अड्डा के पास एक गली में ले गए। वहां ले जाकर तीनों ने उसे बुरी तरह पीटा और ईंट से चोट मारी। युवक को सिर, कान व हाथ सहित कई जगह चोट आई हैं।
पीछा कर छुड़ाया - राजबीर को ऑटो में डालते ही उसकी मां बिमला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोग जुटे और गोहाना अड्डा की तरफ दौड़े। भीड़ आती देख आरोपी राजबीर को सड़क पर ही फेंककर भाग गए। इनेलो नेता हैप्पी जांगड़ा और दूसरे लोग युवक को सलारा मोहल्ला चौकी में लेकर पहुंचे। पुलिस ने राजबीर की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।