गन्नौर (सोनीपत)। सांदल कलां के पास रेलवे फाटक से 5 बदमाशों ने एक व्यापारी का उसकी ही कार में अपहरण कर लिया। दिल्ली के उस व्यापारी का सांदल कलां में मुर्गी फार्म है और वह मुर्गी फार्म में मुर्ग के बच्चे छुड़वाने के बाद वापस जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने कार सहित व्यापारी का अपहरण कर लिया। व्यापारी के पीछे आ रहे उसके कर्मियों ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके मामले की सूचना दी, जिसके बाद थाना बड़ी और थाना गन्नौर पुलिस सहित सीआईए ने व्यापारी और कार की तलाश शुरू कर दी।
बदमाशों की तलाश करते हुए सीआईए टीम पुरखास गांव के पास पहुंची तो वहां बदमाश दिखाई दिए और बदमाशों ने भागने के लिए सीआईए की गाड़ी में टक्कर मारते हुए फायरिंग कर दी। जिस पर पुलिस ने भी फायरिंग की तो एक एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया, जबकि 4 अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठा कर कार को मौके पर छोड़ कर भाग निकले। गिरफ्तार बदमाश राहुल निवासी आदर्श नगर सोनीपत का रहने वाला है, जिससे गन्नौर पुलिस को सौंप दिया गया है। थाना गन्नौर पुलिस ने राहुल को अदालत में पेश किया जहां अदालत ने उसे जेल भेज दिया। हालांकि बदमाश व्यापारी को मुठभेड़ से पहले ही छोड़कर कार लेकर भाग थे।
दिल्ली निवासी ऋषभ गांधी का सांदल कलां के पास मुर्गी फार्म है। वह शनिवार रात को फार्म में मुर्गी के बच्चे उतरवाने के लिए आया था। वहां बच्चे उतरवाने के बाद वह अपनी कार में सवार होकर वापस दिल्ली के लिए चल दिया और उसके कर्मी ऋषिपाल और पंकज कैंटर में पीछे-पीछे आ रहे थे, जब ऋषभ सांदल कलां रेलवे स्टेशन के निकट फाटक पर पहुंचा तो वहां मौजूद पांच बदमाशों ने ऋषभ की कार को रोक लिया। उसके कार रोकते ही बदमाशों ने उस पर पिस्टल लगा दी और उसका अपहरण करके उसकी कार में बैठा कर वहां से भाग गए। कैंटर सवार ऋषिपाल और पंकज ने पीछे से यह देख लिया तो पुलिस कंट्रोल रूम में मामले की सूचना दी। सूचना के बाद थाना बड़ी और थाना गन्नौर पुलिस सहित सीआईए तुरंत हरकत में आई। उसके बाद जगह-जगह नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की गई तो पुलिस उसको तलाश करती रही। सीआईए स्टाफ के एएसआई रमेश, सिपाही जयभगवान, संदीप, अमित और रवींद्र की टीम गाड़ी में सवार होकर बदमाशों को तलाश करते हुए पुरखास के पास पहुंची। उसी समय लूटी गई कार के साथ बदमाश जब वहां पहुंचे तो उन्होंने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर सीआईए ने भी फायरिंग शुरू कर दी और एक बदमाश को पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया, जबकि 4 अन्य बदमाश कार को मौके पर छोड़ कर खेतों में भाग निकले। उस पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम राहुल निवासी आदर्श नगर बताया है, जबकि पुलिस उससे अन्य साथियों के नाम भी पता करने में लगी है। पुलिस ने राहुल के पास से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद किया है। सीआईए ने उसे गन्नौर पुलिस को सौंप दिया, जिसका सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर रविवार को अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
व्यापारी को रेलवे ओवरब्रिज पर फेंक गए थे बदमाश
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने व्यापारी ऋषभ गांधी को बीएसटी रोड के निकट रेलवे ओवरब्रिज पर फेंक दिया और उसकी कार लेकर वहां से फरार हो गए। ऋषभ ने किसी तरह फोन पर पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी, जिससे यह साफ हो गया था कि व्यापारी अब बदमाशों के पास नहीं है और पुलिस को कार्रवाई करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। वहीं ऋषभ ने बताया था कि बदमाश उसे बीएसटी रोड पर उतार कर पुरखास की तरफ भाग गए हैं। इस पर पुलिस ऋषभ के पास पहुंची और उसके सुरक्षित थाना गन्नौर में ले आई। वहीं उसकी सूचना के आधार पर पुरखास रोड पर नाके लगाए और सीआईए टीम एक बदमाश को पकड़ने में कामयाब हुई। साथ ही लूटी हुई कार को भी अपने कब्जे में ले लिया।
अन्य बदमाशों को जल्द पकड़ा जाएगा : एसएचओ
थाना गन्नौर प्रभारी बदन सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सांदल कलां फाटक के नजदीक बदमाशों ने हथियार के बल पर एक व्यापारी का अपहरण करने के साथ ही कार लूटी थी। जिसके बाद एक बदमाश को पकड़ा गया है और उससे साथियों के नाम पूछे गए है, जिससे उनको भी जल्द ही पकड़ा जाएगा।
गन्नौर जीआरपी में दर्ज हुआ अपहरण और लूट का मामला
सांदल कलां फाटक पर कार लूटने और व्यापारी का अपहरण करने के आरोप में गन्नौर जीआरपी चौकी ने भी बदमाशों के खिलाफ लूट और अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी महाबीर तोमर ने बताया कि जीआरपी चौकी पुलिस ने ऋषभ गांधी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और अपहरण करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। रेलवे फाटक पर मामला होने के कारण जीआरपी में दर्ज किया गया है।