खिड़वाली के रोहताश हत्याकांड को 25 साल पहले हुई हत्या का बदला लेने के लिए अंजाम दिया गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सत्यवान उर्फ सत्ते के दोस्त सोनीपत के गांव मदीना निवासी दिनेश उर्फ ढीला को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
सीआईए प्रथम प्रभारी एसआई अनेश कुमार ने बताया कि 4 फरवरी 2022 को सूचना मिली कि खिड़वाली गांव निवासी रोहताश की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस गांव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोहताश अपने भाई वेदप्रकाश के साथ एक घर में रहते थे। उसकी पत्नी की करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी थी। वारदात के दिन सुबह करीब 7 बजे रोहताश अपने घर से घूमने के लिए बाहर निकला था। जब वह गांव के ही विक्रम के प्लॉट के पास पहुंचा तो अज्ञात लोगों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। सदर थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था। जांच में पता चला था कि आरोपी सत्यवान उर्फ सत्ते के चचेरे भाई संजय का करीब 20-25 साल पहले हत्या हो गई थी। इसमें रोहताश व सत्यवान पर आरोप लगा था। इसमें दोनों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अदालत से बरी हो गए थे। इसी बीच सत्यवान का पड़ोसी के साथ गेट लगाने के लिए झगड़ा हो गया। झगड़े में रामनिवास ने सत्यवान को कह दिया कि तुम्हारे भाई की हत्या हुई थी तब तुमने क्या कर लिया था। यह बात सत्यवान को चुभ गई। उसी समय सत्यवान ने बदला लेने की ठान ली। इसके लिए उसने अपने दोस्त गोहाना के नजदीक गांव मदीना निवासी दिनेश उर्फ डिल्ला को तैयार किया। साथ ही संजय की हत्या का बदला लेने के लिए रोहताश की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सत्यवान उर्फ सत्ते को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। अब उसके साथी दिनेश उर्फ ढीला को दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। वह अवैध हथियार रखने के आरोप में दिल्ली जेल में बंद था। उसे मंगलवार को पुलिस ने रोहताश हत्याकांड में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन के रिमांड पर लिया है।