रोहतक। खरावड़ गांव में जन स्वास्थ्य विभाग का जलघर और पशु चिकित्सालय की इमारतें जर्जर हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बरसात में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
गांव लंबे समय से जल आपूर्ति की समस्या से जूझ रहा था। विधायक शकुंतला खटक ने अपनी निधि से 20 लाख रुपये का अनुदान दिए। ग्रामीणों ने इस मदद के लिए विधायक का धन्यवाद किया। हालांकि, वे जलघर की इमारत की खस्ता हालत से चिंतित हैं।
जिला पार्षद धीरज मलिक ने जन स्वास्थ्य विभाग से तुरंत जांच और मरम्मत शुरू करने की मांग की। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सालय की इमारत भी बदतर स्थिति में है। रखरखाव के अभाव में दोनों इमारतें जर्जर हो गईं। गांववासियों ने सरकार से इन इमारतों को बर्बाद होने से बचाने का निवेदन किया है।
इस दौरान राजवीर मलिक, आनंद सिंह, रमेश मलिक, राकेश नंबरदार, जगराम, बिजेंद्र, कैप्टन जगबीर मलिक आदि ग्रामीण मौजूद रहे।