रोहतक। न्यू राजेंद्रा कॉलोनी में छह दिन पहले हुई विवाहिता ज्योति की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आरोपी ससुर रिटायर्ड एसआई राजबीर का पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति लेने के लिए शुक्रवार को पुलिस कोर्ट में अर्जी दायर करेगी। कोर्ट आरोपी से पूछेगी कि वह टेस्ट कराने के लिए तैयार है या नहीं।
निंदाना गांव निवासी पवन ने 29 मई को शिवाजी कॉलोनी थाने में ससुर राजबीर, सास रानी व पति कृष्ण पर हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। ज्योति की शादी 2018 में झज्जर जिले के गांव दूबलधन माजरा निवासी कृष्ण के साथ की थी। अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
एएसपी ने की घटनास्थल की जांच, मायके वाले नहीं जांच से संतुष्ट
वीरवार को एएसपी आयुष यादव घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच की। पूछताछ की है कि आखिर कैसे विवाहिता छत से गिरी। विवाहिता ज्योति की मौत हत्या है या हादसा क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी स्थिति साफ नहीं हो रही है। उधर, मायके पक्ष के लोग नई अनाज मंडी पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस जांच पर सवाल उठाए। वे ज्योति की मौत के छह दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से आहत हैं।
वर्जन
खुद एएसपी ने घटनास्थल की जांच की है। शुक्रवार से आरोपी ससुर के पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति मांगी जाएगी। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस मौत की गुत्थी सुलझाने का पूरा प्रयास कर रही है।
- एएसआई निकेश अहलावत, जांच अधिकारी, थाना शिवाजी कॉलोनी