पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार महिला ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा ने मंगलवार को हिसार के सत्र न्यायालय में नियमित जमानत याचिका दायर की है। ज्योति की पुलिस कस्टडी को अब लगभग पांच माह हो चुके हैं। उन्हें पुलिस ने 17 मई, 2025 को गिरफ्तार किया था।
सूत्रों के अनुसार, ज्योति मल्होत्रा पर देश की गोपनीय जानकारियां विदेश भेजने और संदिग्ध संपर्कों में रहने के गंभीर आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद से ही वह न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं, बचाव पक्ष का कहना है कि ज्योति निर्दोष है और उसे झूठे मामले में फंसाया गया है।
न्यायालय में जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान पुलिस विभाग ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपी को जमानत देना जांच को प्रभावित कर सकता है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अगली तारीख तय कर दी है।
मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं, क्योंकि ज्योति मल्होत्रा सोशल मीडिया पर एक लोकप्रिय ट्रैवल ब्लॉगर रही हैं और विदेश यात्राओं के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से संपर्क में रहने के सबूत सामने आए थे।