भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज रोहतक पहुंचे, जहां वह कलानौर हल्के में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जेपी नड्डा का यह दौरा पार्टी की रणनीतिक तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें भाजपा प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में जुटी हुई है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी, तब जमीन घोटाले होते थे, बड़े-बड़े उद्योगपति गरीब किसानों की जमीनें हड़प लेते थे। नौकरियां 'खार्ची, पर्ची' पर दी जाती थीं। और होशियार छात्रों को बेरोजगारी की कतार में खड़ा होना पड़ता था।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस जो कवायद कर रही है, उसके लिए सरकार का मतलब एटीएम है। हरियाणा से पैसा निकालो और दिल्ली के शाही परिवार तक पहुंचाओ। क्योंकि कांग्रेस मतलब करप्शन व क्रीम लाइजेशन है। नड्डा रविवार को रोहतक की अनाज मंडी में कलानौर हलके की जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
नड्डा ने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी चुनाव में संविधान हाथ में लेकर फिरते थे। कहते थे कि आरक्षण खत्म हो जाएगा। दूसरी तरफ अमेरिका में कहते हैं कि समय आने पर आरक्षण खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस नेताओं को बताना चाहते हैं कि आरक्षण न तो खत्म हुआ है और न ही आगे होगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ जमीन घोटाला, कोयला घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला है, दूसरी तरफ नॉन स्टाॅप भाजपा सरकार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जमीन, पाताल व आकाश तक में घोटाले किए हैं। नड्डा ने कहा कि हिमाचल व कर्नाटक में कांग्रेस झूठे वायदे करके सत्ता में आ गई। हिमाचल में महिला को 1500 रुपये हर माह देने का वादा किया था, लेकिन दो साल बाद भी महिलाएं इंतजार कर रही हैं। कनार्टक में विकास ठप पड़ा है।
भ्रष्टाचार हर तरफ हावी है। कनार्टक के मुख्यमंत्री ने हाईकोर्ट में अर्जी दायर कर कहा था कि उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच आगे न बढ़ाई जाए। हाईकोर्ट ने तीन दिन पहले फैसला दिया है कि केस दर्ज कर जांच की जानी चाहिए। मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, भाजपा के रोहतक शहर से प्रत्याशी मनीष ग्रोवर, कलानौर से प्रत्याशी रेणू डाबला, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल व जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका भी मौजूद रहे।
हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हम सिर्फ कांग्रेस की राजनीति कर रहे हैं और हमें लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी।