जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जजपा नेता अपने परिवार के चार सदस्यों समेत कोरोना संक्रमित मिले हैं। सोमवार को 47 नये मरीजों की पुष्टि हुई। अब तक जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 2280 पहुंच गया है। वहीं, 1766 मरीज ठीक हो चुके हैं। जजपा नेता के संक्रमित होने की पुष्टि होने से एक दिन पहले 14 अगस्त की रात एक राज्यमंत्री, एक पूर्व मंत्री और दो कार्यकर्ताओं ने उसके साथ रात्रि भोज किया था। इसके अगले स्वतंत्रता दिवस समारोह में कई वीवीआईपी व प्रशासनिक अधिकारी उनके संपर्क में आए। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी की जांच करेगी।
जजपा नेता ने बताया कि उन्हें व उनके परिवार के किसी सदस्य में संक्रमण के लक्षण नहीं हैं। परिवार के एक सदस्य की जांच करवाने गए थे तो सभी की जांच करवा ली। अब पूरे परिवार की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। वहीं जजपा नेता के संक्रमित होने की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। 14 अगस्त को कई वीवीआईपी ने जजपा नेता के घर रात को खाना खाया था और 15 अगस्त को वे स्वतंत्रता दिवस समारोह के मंच पर विभिन्न आयोजनों में शामिल रहे। उनके साथ रहे दो लोगों ने अपनी जांच भी करवाई, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव मिली है।
जिले में 489 एक्टिव केस, 458 होम आइसोलेट
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में अब 489 एक्टिव मरीज हैं, इसमें से 31 पीजीआईएमएस में भर्ती हैं जबकि 458 होम आइसोलेट किए गए हैं। इसके अलावा 25 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग 61371 सैंपल जांच कर चुका है, इसमें से 56946 सैंपल निगेटिव मिले हैं।
यहां-यहां मिले संक्रमित
आर्य नगर में दो बिजनेस मैन, छात्र-छात्रा व गृहिणी, विकास नगर की गृहिणी, सूर्या नगर की लड़की, चिन्योट कॉलोनी में दिल्ली में जॉब करने वाला, कृष्णा कॉलोनी का सेल्समैन, सेक्टर एक की गृहिणी व पुरुष, गांधी कैंप का कर्मचारी, मेडिसिन मार्केट का कर्मचारी, पाड़ा मोहल्ला में प्रताप चौक का कपड़ा व्यापारी, बाबरा मोहल्ला में किला रोड का ज्वैलर, डीएलएफ कॉलोनी में शौरी मार्केट का कपड़ा व्यापारी, तिलक नगर में बैंक कर्मचारी, बनियानी की गृहिणी, प्रताप चौक का बिजनेसमैन व छात्र, महावीर कॉलोनी की गृहिणी, जगदीश कॉलोनी में छात्र-छात्रा, गृहिणी व बुजुर्ग, पीजी गर्ल्स हॉस्टल की महिला डॉक्टर, बलियाना में किसान, पीडब्ल्यूडी का लिपिक, तेज कॉलोनी की गृहिणी, सुरक्षा गार्ड व गृहिणी, शीतल नगर की दो गृहिणी, कृष्णा कॉलोनी में मोबाइल शॉप संचालक, सेक्टर छह रोहतक में तिलियार का सरकारी कर्मचारी, नेहरू कॉलोनी में फोटोग्राफर, सुभाष नगर का बच्चा व गृहिणी, पीजीआई का रेजिडेंट डॉक्टर, आर्य नगर की गृहिणी, भालौट की गृहिणी, आजाद गढ़ का छात्र, राम नगर की गृहिणी, छात्र, नेहरू कॉलोनी में सरकारी जॉब करने वाली महिला कर्मी, ककराना में कर्मचारी, काहनौर का दो छात्र संक्रमण की चपेट में आए हैं।
आर्य नगर में एक परिवार के पांच लोग संक्रमित मिले हैं। इनके कांटेक्ट में आए लोगों का मंगलवार और एक सप्ताह बाद सैंपल करवाया जाएगा। विभाग एक दिन में करीब 1300 लोगों की सैंपल जांच करा रहा है। संक्रमित व्यक्ति की कांटेक्ट हिस्ट्री निकाली गई। अब तक 20 नाम सामने आ चुके हैं, जिनकी जांच करवाई जाएगी। गाइडलाइन के अनुसार सभी संदिग्धों के सैंपल जांच करवाए जाएंगे।
- डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन
जजपा नेता के परिवार के लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद पार्टी के सभी पदाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों की जांच कराई जा रही है। जो प्रशासनिक अधिकारी इस तरह की लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस चेन से जुड़े लोगों को सर्च कर क्वारंटीन कराया जा रहा है।
- आरएस वर्मा, डीसी।
स्वागत समारोह में भूले सोशल डिस्टेंसिंग, चीफ सेक्रेटरी ने मांगी रिपोर्ट
रोहतक। गांव खरकड़ा में सोमवार को राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता शमशेर खरकड़ा ने की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के बीच न तो सोशल डिस्टेंसिंग रखी गई न ही किसी ने मास्क लगाया हुआ था। इसकी वीडियोग्राफी बनाकर किसी ने प्रदेश सरकार के चीफ सेक्रेटरी के पास भेज दी है। इस पर चीफ सेक्रेटरी ने तत्काल उपायुक्त आरएस वर्मा से रिपोर्ट मांगी है। मामले की गंभीरता को देख उपायुक्त ने एसडीएम महम को जांच करके रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।