रोहतक। कलानौर से तीन सप्ताह पहले युवक मोनू का अपहरण करने के आरोप में पुलिस ने जींद जिले के गांव लिजवाना कलां निवासी सुमित को गिरफ्तार किया है। आरोपी से कलानौर पुलिस पूछताछ कर रही है। पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि 16 मई को कलानौर निवासी मोनू ने शिकायत दी कि वह जिंदराण मोड़ के पास स्थित कैंटीन में बैठा था। तभी मोखरा निवासी सागर का फोन आया। उसने बोला कि मिलना है। इसके बाद सागर अपने साथियों के साथ दो गाड़ियों में आया और मोनू को जबरन उठाकर ले गए। बहुअकबरपुर के पास जमकर मोनू से मारपीट की। कपड़े उतरवाकर वीडियो तक बना ली। इसके बाद सड़क किनारे उतारकर भाग गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सागर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब छठे आरोपी जींद के युवक सुमित को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो