रोहतक। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा हैं। सांसद दीपेंद्र हुड्डा हैं। विजय नगर के साथ न्यू विजय नगर का इलाका कलानौर विधानसभा में भी आता है। इसके बावजूद पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र के लोग मुख्य बाग वाली गली के मुद्दे पर परेशानी झेलते रहे।
कांग्रेस के किसी भी जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी भूमिका नहीं निभाई। कांग्रेस नेताओं की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। यह कहना है पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर का। वह सोमवार को दिल्ली रोड स्थित कैम्प कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के पीछे कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका हो सकती है। जिस प्रकार जनता को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया व बाद में कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर मौन साध लिया इससे संदेह और गहरा होता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं। जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनका कर्तव्य व प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में विजय नगर के बूथ से चुनाव में हार मिली। इसके बावजूद कभी क्षेत्र व लोगों से दूरी नहीं बनाई।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार को कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस मौके पर रोहतक ब्लॉक समिति के अध्यक्ष खुशीराम हुड्डा, संजय कुंडू, अनिल नांदल, अनिल स्वामी, तरुण दुआ, बबलू अहलावत, लकी परूथी, भीष्म शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।