नरवाना। कलौदा कलां गांव में चोरों ने एक किराना स्टोर को निशाना बनाते हुए नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। दुकान मालिक की शिकायत पर सदर नरवाना थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को कलौदा कलां गांव में एक किराना स्टोर में चोरी की सूचना मिली थी जिसको लेकर दुकान के मालिक गांव कलौदा कलां निवासी भगवान ने बताया कि गांव में उसकी शशि शर्मा किराना स्टोर के नाम से दुकान है। 14 नवंबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान में बने मंदिर से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये की नकदी के अलावा एक सोने की और एक चांदी की अंगूठी, एक लॉकेट, दो नाक की तीलियां, एक हाथ की कड़ूली और चांदी के चार सिक्के चोरी कर ले गए।
दुकान मालिक ने अपने स्तर पर सामान की तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने दनौदा पुलिस चौकी में शिकायत दी। सदर थाना पुलिस ने जांच और शिकायत की तस्दीक के बाद 16 नवंबर को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।