रोहतक। लाखनमाजरा में चोर बुधवार की रात एक मकान में घुसे और मकान मालकिन को कमरे में बंद करके घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात व नकदी निकाल कर ले गए। सुबह पांच बजे महिला को वारदात का अहसास हुआ। उसकी सास व ससुर ने आकर दरवाजा खोला। वारदात से महिला बेहद आहत है, उसने घी व दूध बेचकर बेटे की शादी में बहू को देने के लिए जेवरात बनवाए थे।
पीड़ित महिला सुशीला ने पुलिस को बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है। दोनों बेटी शादीशुदा हैं, जबकि बेटा पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा है। इसके लिए बुधवार को सोनीपत गया हुआ था। वीरवार तड़के करीब पांच बजे पशुओं को चारा डालने के लिए उठी तो उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। उसने अपनी सास, ससुर व देवर को आवाज लगाई। उसकी सास ने आकर दरवाजा खोला। उसने देखा कि रसोई के दरवाजे पर भी रस्सी बंधी थी। अंदर अलमारी खुली पड़ी थी। सारा सामान बाहर बिखरा हुआ था। अंदर से एक सोने का कड़ा, एक जोड़ी कानों की बाली, सोने की अंगुठी, तीन नाक की बाली, एक सोने का ओम, एक जोड़ी चांदी की पैरों की कड़ी, चार जोड़ी चांदी की पाजेब, एक चांदी का सिक्का, एक चांदी का कड़ा व अन्य जेवरात गायब मिले।
बेटी की शादी के बाद रखे थे 40 हजार के नए नोट
पीड़िता ने बताया कि छह साल पहले एक बेटी की शादी हुई थी। शादी में 40 हजार के करीब के 50 व 100 के नए (करारे) नोट बच गए थे। अब भी उसकी बेटी व दामाद आते, उनमें से नए नोट सम्मान के तौर पर देती थी। चोर नए नोट भी निकाल कर ले गए।
बेटी व दामाद ने आकर दी सांत्वना
वीरवार को महिला की बेटी व उसका दामाद वारदात की सूचना पाकर घर पहुंचे। दामाद हरियाणा पुलिस में तैनात है। पीड़ित महिला को सांत्वना दी।