रोहतक। शहर के आभूषण व्यापारी खुशहाल बावा से रुपये लेकर 4.12 करोड़ का सोना नहीं भेजने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर दिल्ली की कंपनी के छह अधिकारियों के खिलाफ सांपला थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रताप चौक निवासी खुशहाल बावा की किला रोड के सामने आभूषण की दुकान है। अगस्त 2021 से अगस्त 2022 के बीच 80 बार में 4.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके बावजूद कंपनी ने 4 करोड़ 12 लाख 97 हजार रुपये का माल नहीं भेजा। नवंबर 2022 में पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने कहा कि मामला धोखाधड़ी के बजाय कारोबार में लेनदेन का है। जिस समय डील हुई, उस समय आरोपी कंपनी के पदाधिकारियों का इरादा किसी तरह की ठगी का नहीं था। व्यापारी के वकील ने अदालत को बताया कि अनुबंध के उल्लंघन व धोखाधड़ी के बीच बहुत कम अंतर होता है। भुगतान के सबूत होने व डिलिवरी के सबूत न होने के बावजूद पुलिस ने जांच नहीं की। पुलिस अपने स्तर पर यह निष्कर्ष नहीं निकाल सकती कि यह मामला कारोबार में अनुबंध के उल्लंघन का है। अदालत ने आरोपी कंपनी के छह अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। पहली बार बैठक आरोपियों के बीच सांपला के नजदीक एक होटल पर हुई थी, इसलिए केस सांपला थाने में दर्ज किया गया है।