रोहतक। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन की ओर से जेई भर्ती के लिए जारी परीक्षा शेड्यूल ने उम्मीदवारों को असमंजस में डाल दिया है। इसकी वजह विभिन्न श्रेणियों की भर्ती परीक्षा एक ही दिन होना है। बता दें कि आवेदक ने जेई पद की विभिन्न श्रेणियों के लिए 150 रुपये शुल्क का भुगतान अलग-अलग किया है।
जेई पद के उम्मीदवारों का कहना है कि विभिन्न विभाग, बोर्ड व कार्पोरेशन में भर्ती के लिए आयोग ने विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए। आवेदन के लिए 150 रुपये आवेदन शुल्क रखा गया। आयोग के नियमानुसार हर श्रेणी के लिए अलग आवेदन व शुल्क जमा कराया गया। अब एक ही दिन विभिन्न श्रेणियों के लिए परीक्षा होने की जानकारी मिली है। आयोग ने जेई सिविल के लिए 31 अगस्त, जेई मैकेनिकल व होर्टिकल्चर के लिए एक सितंबर व जेई इलेक्ट्रिक के लिए दो सितंबर को परीक्षा रखी है। परीक्षा में छह से 18 श्रेणियों को शामिल किया गया है। ऐसे में विद्यार्थी एक ही परीक्षा दे पाएगा। यही नहीं आयोग उन्हें परीक्षा के बाद किसी भी विभाग में नियुक्ति के लिए भेज सकता है। इसके चलते वे अपने पसंद के विभाग से वंचित रह सकते हैं। परीक्षा में पास होने के बाद उम्मीदवारों के पास किसी तरह का ऑप्शन नहीं रहेगा। कुछ श्रेणियों में पदों की संख्या दो-चार है तो किसी ने 15 से अधिक है। ऑप्शन नहीं होने के कारण कम पदों वाली श्रेणी में चयन से नियुक्ति होना भी मुश्किल रहेगा। इसलिए आयोग परीक्षा अलग-अलग ले।