माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी जलाने के मामले में पंचकूला स्थित सीबीआई कोर्ट शुक्रवार को अपना निर्णय नहीं सुना सकी। अदालत ने अब अगली सुनवाई के लिए 18 फरवरी की तिथि तय की है।
फरवरी 2016 में जाट आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा था। इस दौरान हिंसा भड़क उठी। राजीव गांधी चौक के नजदीक विनय नगर में भीड़ ने एकत्रित होकर भाजपा के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी में आग लगा दी थी।
अर्बन एस्टेट थाने में एफआईआर दर्ज की गई लेकिन भाजपा सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। सीबीआई ने 58 लोगों को आरोपी बनाया हुआ है। 127 लोगों की गवाही पूरी हो चुकी है।
उम्मीद थी कि शुक्रवार को अदालत अपना निर्णय सुनाएगी लेकिन फिर अगली तारीख तय कर दी गई। बताया जा रहा है कि अहम केस होने के कारण अदालत भी निर्णय सुनाने में समय ले रही है।