रोहतक। जसिया गांव स्थित सर छोटूराम धाम में नौवें स्थापना दिवस समारोह में रविवार को हंगामा हो गया। समारोह में मुख्य अतिथि इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के सामने ही मंच पर कुछ जाट नेता जाट सेवा संघ की ओर से बनाए सदर छोटूराम धाम के संविधान में बदलाव करने की बात पर भिड़ गए। देखते ही देखते कई लोग मंच पर पहुंच गए और धक्कामुक्की करने लगे।
एक युवक ने मंच पर लगा माइक फेंक दिया। इस दौरान मंच से बार-बार एकता बनाए रखने की अपील भी की गई लेकिन कुछ लोग इसको दरकिनार कर एक दूसरे से उलझते रहे। यह सब अभय चौटाला के सामने ही होता देख मंच संचालकों ने किसी तरह मामले को संभाला और अभय चौटाला को मंच संभालने की अपील की। विवाद को देख अभय चौटाला के सुरक्षा गार्ड भी अलर्ट हो गए।
-
खुले मंच पर विवाद सही नहीं : अभय
अभय चौटाला ने कहा कि खुले मंच पर इस तरह के विवाद सही नहीं है। अगर किसी के बीच कोई विवाद है तो उसे आपस में सुलझा लिया जाना चाहिए। अगर ऐसे ही चला तो रामचंद्र जांगड़ा, रामकुमार गौतम व राजकुमार सैनी जैसे लोग उनके खिलाफ बोलने में संकोच नहीं करेंगे। मंच पर एक दूसरे को नीचा दिखाने की मंसा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कौम को आगे बढ़ाना है तो सबको आपसी मनमुटाव दूर कर एकजुटता दिखानी होगी।