रोहतक। जाट कॉलेज हत्याकांड की सुनवाई अदालत में अब तेजी से होगी। वीरवार को वारदात की कंट्रोल रूम से वीटी कराने वाले हवलदार, मालखाना कर्मी व एफएसएल टीम के कर्मचारी की कोर्ट में गवाही हुई। साथ ही अदालत ने तय किया अब 20, 21 व 27 सितंबर व 4 अक्तूबर को गवाही होगी, जिसके लिए 13 गवाहों को बुलाया गया है। चार अक्तूबर को अदालत आगे की तिथि तय करेगी।
पीड़ित पक्ष के वकील जय हुड्डा ने बताया कि 12 फरवरी 2021 को जाट कॉलेज अखाड़ा में छह लोगों को गोली मारी गई थी। अखाड़े के मुख्य कोच मनोज मलिक, उनकी पत्नी साक्षी मलिक, मांठोडी निवासी कोच सतीश, मोखरा निवासी प्रदीप व महिला पहलवान मथुरा निवासी पूजा तोमर की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जबकि मुख्य कोच मनोज के बेटे चार वर्षीय सरताज ने बाद में दम तोड़ा था। जबकि अखाड़े के बाहर गोली लगने से घायल हुए निडाना निवासी अमरजीत को गंभीर हालत में गुरुग्राम ले जाया गया था, जहां उसकी जान बच गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अखाड़े के कोच सुखविंद्र को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ था कि सुखविंद्र का मुख्य कोच मनोज के साथ तनाव चल रहा था। इसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया था। वह इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी रिटायर्ड फौजी मनोज की सहायता से हथियार खरीदकर लाया था। तभी से जिला अदालत में केस की सुनवाई चल रही है।