इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय चौटाला शनिवार को सिरसा से इनेलो सांसद और आठ विधायकों के साथ जासिया धरनास्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया। मंच से लोगों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि यदि सरकार ने आंदोलन करने वालों की मांगें नहीं मानी तो विधानसभा नहीं चलने देंगे। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला का नाम लेकर कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो धरनास्थल पर आएं और अपना खुला समर्थन दें। वहीं, जसिया में सातवें दिन भी आंदोलन शांति पूर्ण रहा। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।
अभय चौटाला ने कहा कि हुड्डा सरकार ने जाटों को अधूरा आरक्षण दिया, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खत्म कर दिया। उसी दिन उन्होंने विधानसभा में सीएम मनोहर लाल खट्टर से बात की थी। सीएम ने आश्वासन दिया था कि सरकार के मंत्रियों से बातचीत करके बताएंगे, लेकिन सरकार ने दंगों के बाद जाटों को आरक्षण दिया। साथ में अपने लोगों से विरोध करवा दिया। साफ है कि भाजपा की नीयत में खोट है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब गुजरात में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ दर्ज मामले खत्म हो सकते हैं तो हरियाणा में सैकड़ों युवाओं के खिलाफ दर्ज केस खत्म क्यों नहीं हो सकते? जाटों सहित पांचों जातियां सरकार से भीख नहीं, अपना हक मांग रही हैं। पिछले साल 22 फरवरी को सरकार ने बुलाकर आरक्षण देने सहित सात मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया था। लेकिन एक पर भी अमल नहीं किया। उन्होंने कहा कि इनेलो पूरी तरह से जाट समाज के साथ है।
इनेलो के एक कार्यकर्ता पर रासुका लगाकर दिखाएं
चौटाला ने कहा कि उन्हें पता चला है कि सरकार ने धरनों के चलते जिला स्तर पर अधिकारियों को रासुका लगाने की अनुमति दी है। आज वे अपने सांसद, विधायकों और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर आए हैं। सरकार इनेलो के एक भी कार्यकर्ता के खिलाफ रासुका लगाकर दिखाए। चौटाला ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने बयान दिया था कि धरनों के पीछे इनेलो की राजनीतिक साजिश है। उन्होंने कहा कि इनेलो को ऐसी राजनीति करने की जरूरत नहीं है।
ये भी पहुंचे धरने पर
जसिया में विधानसभा में विपक्ष के नेता व डबवाली से विधायक अभय चौटाला के साथ इनेलो के सिरसा से सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, जुलाना से विधायक परमिंद्र ढुल, दादरी से विधायक राजदीप फौगाट, रानिया विधायक रामचंद्र कंबोज, उकलाना विधायक अनूप, बरवाला विधायक वेद मारन, नरवाना विधायक पृथी नंबरदार, सिरसा से विधायक मक्खन लाल सिंघला, फतेहाबाद से बलवान सिंह दौलतपूरिया, पूर्व रोहतक सांसद इंद्र सिंह, पूर्व विधायक सरिता नारायण व इनेलो जिला अध्यक्ष सतीश नांदल मौजूद रहे।
टोपे वाले भाई से बाद में मिलूंगा : नांदल
जसिया में धरनास्थल पर अभय चौटाला से पहले इनेलो के रोहतक जिला अध्यक्ष सतीश नांदल ने कहा कि इनेलो जाट समाज के साथ है। सरकार से आग्रह किया कि दोबारा 36 बिरादरी के भाईचारे की परीक्षा न लें। इसी बीच लोगों के बीच से एक व्यक्ति ने कहा कि राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस पर नांदल ने कहा कि वह राजनीति करने नहीं आए हैं। टोपे वाले भाई से बाद में मिलूंगा।