हरियाणा के रेवाड़ी में सरपंच का फर्जी पिता बनकर गवाही देने वाले महेंद्रगढ़ के गांव उचत निवासी कश्मीर को आर्थिक अपराध शाखा पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने पर वीरवार को अदालत में पेश किया।
अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फर्जी बाप बना कर जमीन का बयाना करने वाला सरपंच फरार है। पुलिस ने मामले में आरोपी नंगली गोधा निवासी रविंद्र को पहले गिरफ्तार कर लिया था।
एएसआई देवेंद्र कुमार ने बताया कि सुरेहली गांव के सरपंच केहर सिंह ने कुछ लोगों के साथ मिल कर अपने पिता के नाम से फर्जी राशन कार्ड और अन्य कागजात तैयार कर लिए।
उसने राशन कार्ड में अपने पिता की जगह किसी अन्य व्यक्ति का फोटो भी लगा दिया था।
उसी आदमी को अपना पिता बनाकर फतेहपुरी पीपा निवासी ईश्वर सिंह से चार एकड़ जमीन का 59 लाख रुपये देकर फर्जी इकरारनामा करा दिया था।
आरोपी कश्मीर ने इकरारनामा में बुचावास निवासी जितेंद्र बनकर केहर सिंह के फर्जी पिता की गवाही की थी जबकि जमीन के असल मालिक केहर सिंह के पिता बहादुर सिंह हैं।
खरीददार ईश्वर सिंह को इसकी जानकारी मिली तो उसने तीन अक्तूबर को पुलिस को शिकायत देकर सरपंच केहर सिंह, कश्मीर, रविंद्र, श्यामनगर निवासी ईश्वर, सुरहली निवासी राहुल, भडप निवासी ओमप्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।