एमडीयू छात्र कल्याण निदेशक और कवि जगबीर राठी की कविता पर बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के ट्वीट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
राठी का कहना है कि बच्चन ने उनकी कविता को किसी और कवि के नाम से ट्विटर और फेसबुक पर शेयर किया। कानूनी कार्यवाही की चेतावनी देते हुए उन्होंने बच्चन को नोटिस भेजा है।
इसका जवाब देने और फेसबुक व ट्विटर से उस पोस्ट को हटाने के साथ-साथ इसके लिए खेद प्रकट करने को 15 दिन का समय दिया है। इसकी एवज में एक करोड़ रुपये का हर्जाना देने की बात भी नोटिस में कही है।
राठी ने अपने एडवोकेट जोगेंद्र सिंह मोर के माध्यम से सुपर स्टार अमिताभ बच्चन को भेजे लीगल नोटिस में आरोप लगाया है कि उन्होंने (राठी ने) 2006 में ‘माटी का चुल्हा’ नाम से एक पुस्तक लिखी थी।
इस पुस्तक में उन्होंने कविताएं डाली, जिनमें ‘कोर्ट में कुत्ता’ नाम से एक कविता भी थी। राठी का आरोप है कि विकास दुबे नाम के युवक ने उनकी कविता को चोरी किया और अमिताभ बच्चन के ट्विटर पर पोस्ट किया।
इसे अमिताभ बच्चन ने फेसबुक और ट्विटर पर शेयर किया और लिखा कि एक और मार्मिक कथा मेरे फेसबुक फॉलोअर विकास दुबे से।
यूं हुआ खुलासा
लीगल नोटिस में एडवोकेट मोर ने कहा कि उनके मुवक्किल राठी को इस कविता से काफी प्रसिद्धि मिली। इसे वे कई कवि सम्मेलनों में प्रस्तुत कर चुके हैं।
ऐसे ही एक समारोह में वे कविता पाठ कर रहे थे कि एक श्रोता खड़ा हुआ और उन पर कविता चोरी करने का आरोप लगाया। खुलासा होने पर जगबीर राठी ने अपनी किताब और उससे संबंधित दस्तावेज भी अमिताभ बच्चन को मेल किए और उन्हें इन पोस्ट को दुरुस्त करने की अपील भी की, लेकिन कोई जवाब नहीं आया।