रोहतक। जाट आरक्षण आंदोलन के बाद हुए उपद्रव को लेकर गिरफ्तार युवाओं की रिहाई के लिए आज शहर में जाटों का जमावड़ा लगेगा। जाट भवन से जाट युवा एकता मंच और खाप प्रतिनिधि जेल भरो आंदोलन में शामिल होकर गिरफ्तारियां देंगे। वहीं पुलिस प्रशासन ने हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की कंपनियों को अलर्ट कर दिया है। इसके अलावा गुप्तचर विभाग भी मामले में नजर रखे हुए है।
जेल भरो आंदोलन की रणनीतियों को लेकर शनिवार को जाट भवन में जाट युवा एकता मंच के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता की। नवीन मलिक, विनीत धनखड़ और सतीश राणा ने बताया कि तीन प्रमुख मांगों के लिए सुबह 11 बजे सभी जाट भवन में इकट्ठा होंगे। वहां से शांतिपूर्वक तरीके से गिरफ्तारी देंगे। आयोजकों ने दावा है कि आंदोलन में करीब एक हजार लोग शामिल हो सकते हैं।
ये हैं तीन प्रमुख मांगे
- जेलों में बंद सभी आंदोलनकारियों की रिहाई की जाए।
- सभी लोगों के केस खारिज कर किसी को भी गिरफ्तार न किया जाए।
- आंदोलन में मरने वाले लोगों के परिवार के एक लोग को सरकारी नौकरी और मुआवजा दिया जाए।
सरकार नहीं मान रही मांग
जाट युवा एकता मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने आंदोलन के समय वायदा किया था कि मरने वाले परिवार के लोगों को एक सरकारी नौकरी और मुआवजा दिया जाएगा, लेकिन सरकार अब वायदे से मुकर रही है। उन्होंने कहा कि जेल भरो आंदोलन को लेकर पुलिस-प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है। रोहतक के अलावा जाट धर्मशाला जींद में भी सर्व समाज को साथ लेकर गिरफ्तारी दी जाएगी। यदि पुलिस-प्रशासन ने किसी योजना के तहत आंदोलन को दबाने की कोशिश की तो उस दौरान उसकी जिम्मेदारी जाट समाज की नहीं होगी। इस मौके पर अमित डागर, रामबीर धनखड़, सुमित, संदीप, सौरभ, विकास, पवन मौजूद रहे।
जाट भवन पर रहे फोर्स का डेरा, अर्द्धसैनिक बल भी तैनात
शहर के मुख्य मार्गों से होने वाली एंट्री के साथ-साथ जाट भवन पर फोर्स का डेरा रहेगा। कई डीएसपी भी मौके पर तैनात रहेंगे। इनके अलावा अर्द्धसैनिक बल की भी तीन कंपनियां मोर्चा संभालेंगी। जाट भवन के सामने वाले रूट डायवर्ट को लेकर भी व्यवस्था की गई है। सूत्रों की मानें तो सभी को हिदायत दे दी गई है कि आंदोलन के दौरान पल-पल की जानकारी उच्च अधिकारियों को देनी होगी।
नहीं ली जाट भवन में इकट्ठा होने की अनुमति
जेल भरो आंदोलन जाट भवन से शुरू करने की बात कहीं जा रही है, लेकिन खास बात यह है कि जाट भवन प्रबंधन से इसके लिए कोई अनुमति ही नहीं ली गई है। जाट भवन के मैनेजर रघुवीर सिंह ने बताया कि आंदोलन की जानकारी है, लेकिन कोई भी व्यक्ति जाट भवन में इकट्ठा नहीं होगा। आंदोलन करने वालों ने इसके लिए अनुमति नहीं ली है, जो भी आंदोलन होगा जाट भवन की चारदीवारी के बाहर ही होगा।
जेल भरो आंदोलन को कमजोर करना चाहते हैं यशपाल : राष्ट्रीय प्रवक्ता
अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक राठी ने शनिवार को प्रेस नोट जारी कर जाट नेता यशपाल मलिक पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यशपाल मलिक हरियाणा में आकर यहां के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उनका 10 मई को दिल्ली में होने वाला आंदोलन इस बात का प्रमाण है कि वह जेल भरो आंदोलन को कमजोर करना चाहते हैं। वह यूपी में राजनीति करने के लिए हरियाणा के लोगों को मोहरा बना रहे हैं, जिससे वहां पर भाजपा से टिकट मिल सके। इसलिए सरकार के साथ मिलकर जनता को बरगला रहे हैं।
यह बोले खाप प्रतिनिधि
जेल भरो आंदोलन युवाओं का फैसला है, लेकिन इसमें खाप भी उनके साथ है। खाप प्रतिनिधि भी जाट भवन में पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे। - हरदीप अहलावत, 84 खाप प्रधान
युवाओं के इस आंदोलन में खाप भी शामिल रहेगी। आंदोलन को पूरी तरह से शांतिपूर्वक तरीके से रखा जाएगा। किसी को कोई नुकसान नहीं होने देंगे।
- महेंद्र सिंह नांदल, प्रधान नांदल खाप