जींद। जिले की राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और महिला आईटीआई में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने पर संस्थानों के जवाब तलब किया गया है। वहीं इसके लेकर निदेशक, कौशल विकास व औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने दोनों संस्थानों से रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, जींद हरियाणा ने पांच जून को दोनों संस्थानों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गुप्तचर विभाग की रिपोर्ट में संस्थानों की सफाई व्यवस्था उचित नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि परिसर में जगह-जगह पॉलीथिन, कूड़ा-कचरा व गंदगी मिली थी। रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने आईटीआई जींद और महिला आईटीआई जींद के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए हैं कि वे यह स्पष्ट करें कि सफाई व्यवस्था क्यों नहीं रखी गई।
उन्होंने पांच जून को संस्थानों में उपस्थित और अनुपस्थित कर्मचारियों का पूरा विवरण निदेशालय को भेजने के आदेश दिए गए थे जिन कर्मचारियों ने अवकाश लिया था, उनसे संबंधित आवेदन या फिर किसी और तरीके से लिए गए आवेदन की कॉपी मांगी है।
विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि जो कर्मचारी उस दिन किसी सरकारी कार्य पर बाहर गए थे, उनके ड्यूटी आदेश, मूवमेंट की भी जानकारी मांगी है। पत्र में लिखा है कि मुख्यालय पर कार्यरत अधिकारी जब भी किसी उपकार्यालय के दौरे पर जाएं तो रास्ते में आने वाले संस्थानों का औचक निरीक्षण करें और रिपोर्ट सीधे निदेशक को भेजें।
वर्जन
जून माह में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के निरीक्षण के दौरान आईटीआई में सफाई की अव्यवस्था मिली थी। इसको लेकर अब स्पष्टीकरण मांगा गया है, जिसका जवाब भेज दिया जाएगा।-नरेश कुमार, प्राचार्य, आईटीआई जींद