किसानों के दिल्ली कूच को लेकर पिछले दिनों बने तनाव के बाद से अर्ध सैनिक बल रोहतक में डेरा डाले हुए है। जींद सीमा पर लगे नाके से इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) व सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को हटाकर शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यह जवान बाहरी चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर तैनात हैं। रेलवे स्टेशन पर भी बीएसएफ के जवान यात्रियों पर नजर रखे हुए हैं।
किसान आंदाेलन के चलते बिगड़ते हालात काबू करने व सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस पिछले करीब एक माह से हाई अलर्ट पर है। इसके चलते अर्ध सैनिक बलों की टुकड़ियां भी रोहतक पहुंची हैं। इसमें बीएसएफ व आईटीबीपी की दो-दो टुकड़ियां शामिल हैं। पिछले कुछ दिन जींद सीमा पर लाखनमाजरा में सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे इन जवानों को अब वहां से हटा दिया गया है। फिलहाल ये जवान वापस न लौटकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। इसी कड़ी में इन्हें शहर के बाहरी इलाके के मुख्य चौराहों, सड़कों, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तैनात किया गया है। एसएसबी के जवान अभी लाखनजामरा-जींद सीमा पर तैनात है।
पुलिस व अर्ध सैनिक बल के जवान दोनों सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए हैं। पुलिस के साथ आईटीबीपी और बीएसएफ के जवान भी यह जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। एसएसबी के जवान अभी सीमा पर ही डटे हैं।
सन्नी सिंह, प्रभारी, सुरक्षा शाखा, पुलिस अधीक्षक।