आईपीएल 2024 में पहली बार कमेंट्री बॉक्स से हरियाणवी बोली में कमेंट्री हो रही है। हरियाणवी कमेंट्री से आईपीएल में आपणा छोरा विश्वास चौहान धाक जमा रहा है। आईपीएल में हरियाणवी नशा और भी चढ़ जाता है जब विश्वास चौहान और वीरेंद्र सहवाग की जोड़ी कमेंट्री कर लट्ठ गाड़ देती है।
बदली-बदली लाग्गै के खावण लागी, तेरै चढ़ग्या रंग कसूता पक्का आईपीएल देखण लागरी है, हरयाणवी म्ह अर वो बी। आईपीएल 2024 के दौरान हरियाणवी कमेंट्री सुर्खियों में है। हरियाणा का छोरा विश्वास चाैहान कमेंट्री बॉक्स में माइक पर महफिल लूट रहा है। मिसफील्ड होने पर कमेंट्री करते हैं ''''उलाणे का काम हो गया''''।
विज्ञापन
चौका लगा तो वन्स प्लेयर वास ए गादड़ी, पाल्ले के घेर में जा पड़ी। स्टैंड में छक्का लगा तो ''''एक आंख मींच के दोनों मुट्ठी भींच के, शॉट मारा खींच के'''' (बहुत अच्छा) शॉट है बोलकर लोगों के दिलों में हरियाणवी बोली की मिठास घोल रहे हैं। हरियाणवी में कप्तान ''''चौधरी'''' हैं। अंपायर ''''ताऊ'''' हैं तो निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) ''''दादा रिव्यू सिस्टम'''' है।
आईपीएल में हरियाणवी नशा और भी चढ़ जाता है जब विश्वास चौहान और वीरेंद्र सहवाग की जोड़ी कमेंट्री कर लट्ठ गाड़ देती है। आईपीएल में इसी सीजन से हरियाणवी को शामिल किया गया है। क्षेत्रीय भाषा में कमेंट्री हरियाणा को खूब भा रही है। विश्वास चौहान बताते हैं कि कमेंट्री करते समय ऐसा लगता ही नहीं कि पूरे देश को आईपीएल की कमेंट्री सुना रहे हैं, उस समय ऐसा महसूस होता है जैसे रोहतक के लाहली स्टेडियम में छोरों के बीच बातें कर रहे हों।
विज्ञापन
कमेंट्री के दौरान विराट कोहली को अनुष्का का भरतार अर केएल राहुल को अन्ना का जमाई कहकर बुलाते हैं। रोहित शर्मा, शर्मा जी का छोरा और महेंद्र सिंह धोनी के लिए तो विशेष संबोधन है। कूण में आड़ा, घर में साणा और मैदान में थाला परैशान करा करै। विश्वास हरियाणवी में अब तक 18 कमेंट्री कर चुके हैं। रोटेशन पर काम करते हैं। चार दिन बाद फिर लगातार 22 कमेंट्री करेंगे।
जब सहवाग ने लाइव बोला- आप अच्छा कर रहे हैं
विश्वास कहते हैं कि वीरेंद्र सहवाग को बचपन से खेलते देखा। जब उन्होंने कमेंट्री बॉक्स में मेरे साथ कमेंट्री की तब मैं नर्वस हो गया था। वीरू लाइव ही बोल पड़े- मैंने देखा है, आप अच्छा काम कर रहे हैं, तब जान में जान आई और उनके साथ कमेंट्री की जो मेरा यादगार लम्हा रहा।
अमर उजाला के मंच से मिली राह, अब ओटीटी और आईपीएल का सफर
विश्वास कहते हैं कि मूल रूप से चरखी दादरी से हूं। शुरू में थिएटर किए। पहला मौका अमर उजाला के मंच पर मिला। राइजिंग स्टार बना। स्टैंडअप कॉमेडियन के रूप में यहीं से मुंबई का सफर शुरू हुआ। द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैंलेंज में फाइनलिस्ट रहा, तब अक्षय कुमार शो को होस्ट कर रहे थे।
कालू का दर्द दिल में समेटे लोगों को हंसी से लोटपोट किया। एक ठेठ देसी हरियाणवी हास्य कलाकार के रूप में पहचान बनाई। कई वेब सीरीज में काम कर चुके हैं। मेरे यार की शादी नाम से पहली वेब सीरीज निकाली। इसे बेस्ट अवॉर्ड भी मिला। थारा फूफा जिंदा है आने वाली वेब सीरीज है।