संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। नया वर्ष महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के लिए नई उम्मीदों और नए अवसरों का संदेश लेकर आया है। विश्वविद्यालय वर्ष 2025 में जारी विज्ञापन के तहत लगभग एक दशक के लंबे अंतराल के बाद शिक्षण पदों को भरने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विश्वविद्यालय ने निर्णय लिया है कि वरिष्ठ पदों के लिए साक्षात्कार जनवरी के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ किए जाएंगे। इनमें प्रोफेसर के 11 व एसोसिएट प्रोफेसर के 21 पद शामिल हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के 111 पदों के लिए स्क्रीनिंग प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
इसके लिए गठित समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्क्रीनिंग प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी करें। अधिसूचित विज्ञापन के अनुसार, प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल लगभग 143 पद लगभग सभी विषयों/विभागों में विज्ञापित किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में विश्वविद्यालय के करीब 34 शिक्षण विभाग शामिल हैं।
विवि प्रशासन ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया हरियाणा सरकार के नियमों एवं राज्य आरक्षण नीति के पूर्ण अनुपालन में की जा रही है। इसमें अनारक्षित (यूआर), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस), ओएससी, डीएससी, बीसीए, बीसीबी, ईएसएम व ईएसएमएससी और दिव्यांगजन श्रेणियों के प्रावधान सम्मिलित हैं। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया कि इस भर्ती में लंबे समय से लंबित बैकलॉग पदों को भी शामिल किया गया है।
विवि प्रशासन ने आगे बताया कि भर्ती का एक बड़ा हिस्सा अनुमानतः लगभग 60 प्रतिशत आरक्षित श्रेणियों में बैकलॉग सहित पदों को भरने पर केंद्रित है ताकि सरकारी निर्देशों के अनुरूप आरक्षण का लाभ वास्तविक रूप से सुनिश्चित हो सके।
विवि ने कहा कि इस भर्ती से एमडीयू का अकादमिक एवं शोध पारिस्थितिकी तंत्र और अधिक मजबूत होगा। इससे विवि को नैक ग्रेडिंग और एनआईआरएफ रैंकिंग में भी सकारात्मक लाभ मिलने की अपेक्षा है।