बादली। कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस के नीचे बिछाई गई इंटरलॉक टाइल उखड़ने लगी है। इनको दस दिन पहले बिछाया गया था, अब इनके उखड़ने से हादसों का खतरा बना हुआ है। वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से सुधारीकरण की मांग की है।
बहादुरगढ़ रोड पर केएमपी पुल के नीचे 10 दिन पहले ही इंटरलॉक टाइल बिछाई गई थी। इससे वाहन चालकों को राहत मिली, क्योंकि सड़क पूरी तरह से टूट चुकी थी। पुल के नीचे गहरे गड्ढे होने से आए दिन हादसे हो रहे थे। जलभराव भी समस्या कर रहा था। विभाग ने सुध ली और टाइल बिछवाई। लेकिन यह अब उखड़ने लगी है। खासतौर पर दो पहिया वाहन चालकों के लिए यह दुर्घटनाओं का न्यौता दे रही हैं। वाहन चालक कर्मबीर, संजीत और जतिन ने संबंधित विभाग से टाइल ठीक करवाने की मांग की है। वहीं उपमंडल अधिकारी सतीश यादव का कहना है कि एचएसआईडीसी की ओर से पुल के नीचे सुधारीकरण किया गया है। अब टाइल उखड़ने की शिकायत मिली है तो ठीक करवाने के लिए विभाग को निर्देश दिए जाएंगे।