बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे नेपाली मूल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। मरने से पहले वह अपना और देश का नाम ही बता पाया। इसके चलते मरीज के मरने के तीन दिन बाद भी उसकी पहचान नहीं हो पाई। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत किसी बीमारी के चलते हुई है। रविवार को थाना शहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव दाह संस्कार के लिए मोक्ष सेवा ट्रस्ट को सौंप दिया।
शहर थाना से जांच अधिकारी रविंद्र पाल ने बताया कि 2 मई को एक व्यक्ति नागरिक अस्पताल की ओपीडी में स्वास्थ्य जांच के लिए आया था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मौत से पहले व्यक्ति ने चिकित्सक को अपना नाम नरेश पुत्र पदम बताया था और स्वयं को नेपाल का निवासी बताया था। शव पहचान के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया था। इन तीन दिनों में व्यक्ति कहां का रहने वाला था, पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए। मगर इस संबंध में कुछ पता नहीं चला। मृतक के हुलिये व नाम के आधार पर इसकी सूचना हर चौकी व थानों में दी गई थी। मगर नरेश कहां रहता था और नेपाल में कहां का निवासी था यह स्पष्ट नहीं हो पाया। रविवार को शव को 72 घंटे पूरे होने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए मोक्ष सेवा ट्रस्ट को सौंप दिया है। रविंद्र पाल ने बताया कि व्यक्ति की मौत किसी बीमारी के चलते हुई या फिर इसके पीछे अन्य कारण रहे इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।