महेंद्रगढ़। पिछले एक सप्ताह के दौरान नगर पालिका (नपा) की टीम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का धरातल पर असर नहीं दिख रहा है। टीम की ओर से अभियान की तैयारी करने की सूचना पूरे शहर में पहुंच जाती है। सूचना के बाद दुकानदार भी अपने सामान को समेटकर तय सीमा या दुकानों के अंदर रख लेते हैं। टीम के पहुंचने से पहले ही बाजार अतिक्रमण मुक्त हो जाता है लेकिन टीम के जाने के बाद फिर से वही हालात हो जाते हैं।
पिछले एक सप्ताह से चलाए जा रहे अभियान का धरातल पर कोई असर नहीं है। टीम जब तक बाजार में रहती है सड़कें खाली-खाली सी नजर आती हैं लेकिन टीम के जाते ही फिर से वहीं हालात हो जाते हैं। नपा के अधिकारियों का कहना है कि शहरवासी अभियान में नपा का सहयोग नहीं कर रहे हैं।
सोमवार को शहर टीम की ओर से शहर के रेलवे रोड पर अभियान चलाया गया। नपा के लिपिक सन्नी व सफाई दरोगा रिंकू तीन ट्रैक्टर-ट्राॅलियों के साथ रेलवे रोड पर पहुंचे। टीम पहुंचने से पहले ही दुकानदारों के पास सूचना पहुंच गई थी। हालांकि टीम की ओर से रेलवे रोड, शंकर मार्केट, बालाजी चौक, नागरिक अस्पताल के सामने, अनाज मंडी के गेट तक अभियान चलाया। इस दौरान जब टीम द्वारा सामान उठाया गया तो दुकानदारों के साथ नोंकझोंक भी हुई। दुकानदारों ने टीम का विरोध भी किया।
त्योहारी सीजन में जाम की झेली थी परेशानी
शहर के मुख्य बाजारों एवं सड़कों पर दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण के कारण त्योहारी सीजन में लोग भी दिनभर जाम से जूझते रहे थे। शहर के सिनेमा रोड, गोशाला रोड, सब्जी मंडी रोड, रेलवे रोड, आईटीआई रोड, परशुराम चौक से 11 हट्टा बाजार त्योहारी सीजन के दौरान करीब एक सप्ताह तक दिनभर जाम की स्थिति रही थी।
अब विवाह-शादी का सीजन शुरू, बढ़ेगी शहर में भीड़:
वहीं मंगलवार को देव उठनी एकादशी के बाद विवाह-शादी व मांगलिक कार्यक्रमों का भी शुभारंभ हो चुका है। अब फिर से शहर में लोगों एवं वाहनों की भीड़ बढ़ेगी। शहर में यह अतिक्रमण अब लोगों की परेशानी बढ़ाएगा।
शहर में अब नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। दुकानदारों एवं आमजन से अपील है कि इस अभियान में नपा का सहयोग करें। शहर में व्यवस्था बनाए रखने में प्रत्येक शहरवासी का सहयोग जरूरी है। दुकानदार अपने सामान को तय सीमा में ही रखें।
- प्रशांत पराशर, सचिव नगरपालिका महेंद्रगढ़।