संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी/कोसली। जिले की बावल, कोसली और रेवाड़ी अनाज मंडी में सरसों की बंपर आवक हो रही है। कोसली मंडी में सरसों की आवक अधिक होने से 2 अप्रैल से रोस्टर सिस्टम लागू होगा।
बड़ी संख्या में किसान सोमवार को सरसों बेचने के लिए अनाज मंडी में पहुंचे। कोसली में गत दिनों में सरसों की भारी आवक को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि मंडी में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चले इसलिए गांव वार रोस्टर बनाकर खरीद की जाएगी है, ताकि किसानों को समस्या ना हो। कोसली मंडी प्रशासन का कहना है कि कोसली में सरसों अच्छी तरह सुखाकर व साफ करके उसी दिन लाए जब उनका नंबर हो। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक किसी भी समय फसल लेकर आ सकते हैं। पंजीकरण कराने वाले किसान ही नई अनाज मंड़ी कोसली में सरसों लेकर आएं, ताकि किसानों को अपनी सरसों बेचने में किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े। किसानों से अनुरोध है कि मडी में आने के लिए गेट नंबर 2 (हुड्ड़ा ग्राउण्ड़) व बाहर जाने के लिए गेट नंबर 1 का इस्तेमाल करें। आधार कार्ड भी जरूरी है।
रेवाड़ी अनाज मंडी में 10500 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। 543 गेट पास काटे गए। अभी तक 24 किसानों को करीब 32 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। करीब 2500 क्विंटल सरसों की खरीद हुई है। कोसली मंडी में हरियाणा वेयरहाउस कार्पोरेशन द्वारा अब तक 52 हजार 500 क्विंटल सरसों 5950 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी जा चुकी है। सरसों की एक लाख 16 हजार 6 क्विंटल आवक अब तक मंडी में हो चुकी है, जिसमें से 52 हजार 500 क्विंटल फसल गुणवत्ता के आधार पर खरीद ली गई है। उन्होंने बताया कि 27 हजार क्विंटल सरसों का उठान मंडी से हो चुका है।
कोसली में यह रहेगा रोस्टर का शेड्यूल
2 अप्रैल को गुडियानी, गुगोढ़, छव्वा, सुमाखेड़ा, जखाला, बहोतवास भोन्दु, कान्हड़वास, टुमना, खुशपुरा, झोलरी, शादीपुर, 3 अप्रैल को अहमदपुर पड़तल, सुर्खपुर, बहाला, हांसावास, डहीना, भुरथला, जाहिदपुर, कोसली, कतोपुरी, झााड़ोदा, लिलोढ़, 4 अप्रैल को बाबड़ौली, औलांत, आषियाकी गोरावास, भडंगी, भाकली, भूरियावास, बालधन कलां, बालधन खुर्द, गुरावड़ा, बैहरमपुर और 5 अप्रैल को दखौरा, दड़ौली, बव्वा, बिसोहा, मुरलीपुर, कृश्णनगर (लुला अहीर), गुजरवास, लुखी, जुड्ड़ी, झाल गांव के किसानों की सरसों की खरीद होगी।
वर्जन:
किसानों की सहूलियत के लिए सरसों की लिफ्टिंग तेजी से करवाई जा रही है। मंगलवार से मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से गेहूं को खरीदा जाएगा।-विजय यादव, एसडीएम कोसली