शिक्षा अधिकारी अवसर और समीक्षा एप पर पंजीकरण बढ़ाएं। साथ ही लॉगिन का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रयास करें। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए अवसर एप पर लॉगिन करना अनिवार्य है। सभी अध्यापक बच्चों को इस एप पर लॉगिन करवाने के लिए प्रेरित करें। उक्त बातें उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने लघु सचिवालय में शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में कही। वे शुक्रवार को सक्षम हरियाणा, अवसर व समीक्षा एप, व्हाट्स-एप ग्रुप, साप्ताहिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व ई-पीटीएम की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि फरवरी 2021 में सक्षम हरियाणा में जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। वहीं, कक्षा पांच से आठ के लिए साप्ताहिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मार्च 2021 के दौरान प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। रोहतक खंड की शिक्षा अधिकारी आशा दहिया ने बताया कि खंड में कुल 17 क्लस्टर बनाए गए हैं। अवसर एप पर खंड के 96 प्रतिशत विद्यार्थियो और 98 फीसदी अध्यापकों ने पंजीकरण करवाया है। ई-पीटीएम के तहत भी उल्लेखनीय काम किया गया है। बैठक में डीईओ डॉ. विजय लक्ष्मी नांदल, डीईओ मौलिक शिक्षा सुनीता पंवार, सीएमजीजीए शैलेट जोस, डायट मदीना के प्राचार्य जितेंद्र सांगवान, उप जिला शिक्षा अधिकारी आदर्श राजन, समग्र शिक्षा की परियोजना समन्वयक आदर्श सांगवान भी मौजूद थे।