रोहतक। जिला नागरिक अस्पताल में बुधवार को नए समय के अनुसार सुबह 9 बजे ओपीडी खुली। कई मरीजों को इसका पता नहीं होने से वह 8 बजे ही पहुंच गए। यहां करीब 2 बजे तक कार्ड बने। त्वचा, मेडिसिन, हड्डी, नेत्र रोग और डेंटल की ओपीडी में भीड़ रही।
बुधवार को कुल ओपीडी करीब 1600 रही। वहीं कार्ड करीब 2 बजे तक बना। ऐसे ही सांपला में सरकारी व निजी अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब 250 की ओपीडी रही। सुबह ज्यादा मरीज आने से लोग कमरे के बाहर बैठकर इंतजार करते रहे। कलानौर में भी खांसी-जुकाम, बुखार, दस्त आदि के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। महम में स्थानीय उपमंडल नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या में दिन-प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। हर रोज लगभग 400 मरीज पहुंच रहे हैं।
गर्भवती को नहीं मिल रही अल्ट्रासाउंड की सुविधा
जिला नागरिक अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं को निजी केंद्रों पर जाकर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है। तीन माह पहले तक एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट का भिवानी तबादला हो गया। तब से जगह रिक्त है। यहां अभी प्रारंभिक स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड पीजी छात्र कर रहे हैं। तीन माह से ऊपर की गर्भवती का अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहा है। यहां विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की तत्काल जरूरत है।
त्वचा की ओपीडी में लग रही भीड़
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश मलिक ने बताया कि इस मौसम में त्वचा की ओपीडी में दाद-खाज के मरीज बढ़े हैं। इसके अलावा चिकन पॉक्स के निशान वाले मरीज इक्का-दुक्का आ रहे हैं। दाद-खाज से बचने के लिए कमरे में कपड़े न सुखाएं। कपड़े को अच्छे से धूप में सूखने दें। नमी वाले कपड़े पहनने से एलर्जी की समस्या बनती है। आज करीब 200 की ओपीडी हुई।
16 अक्तूबर से ओपीडी का समय बदल गया। अब सुबह नौ बजे ओपीडी लग रही है। सभी विशेषज्ञ चिकित्सक यहां मौजूद हैं। अभी मौसम बदल रहा है। सुबह और शाम हल्की ठंड हो रही है। ऐसे में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। स्वयं का ख्याल पूरे कपड़े पहनकर और फ्रिज की चीजें न खाकर कर सकते हैं। अस्पताल में बेहतर परामर्श दिया जा रहा है। परामर्श की गई दवाएं भी औषधालय में उपलब्ध है। -डॉ. पुष्पेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक, नागरिक अस्पताल।