in revenge two bike rider murder bhoop singh
रोहतक। गांव चमारियां के सरकारी स्कूल के पास मंगलवार शाम करीब छह बजे 47 वर्षीय भूप सिंह उर्फ भुल्ला की बाइक सवार दो आरोपियों ने पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी। पुरानी रंजिश में भुल्ला के सिर, पेट और कमर में गोलियां मारी गई। इससे पहले घायल भुल्ला ने करीब 95 कदम दूर तक भागकर एक मकान में घुसा तो आरोपियों ने उसके सिर में दो और गोलियां मारी। वहीं, जब आसपास के लोगों ने आरोपियों को मपकड़ने का प्रयास किया तो वे तीन हवाई फायर कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी तथ्य जुटाएं। वहीं, थाना सदर पुलिस ने भुल्ला के भाई कुलदीप के बयान पर मुकेश, प्रदीप, मीना, स्वराज समेत अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
आरोपियों ने पहले की रेकी फिर स्कूल के पास किया 40 मिनट इंतजार
गांव के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफेद रंग की बाइक पर दो युवक गांव के ही सरकारी स्कूल के पास शाम करीब साढ़े चार से पौने पांच बजे के बीच आए थे। उक्त दोनों की हरकतें काफी संदिग्ध थी। उन्होंने दो-तीन चक्कर बाइक पर काटे और फिर स्कूल की दीवार के पास बैठ गए। करीब 40 मिनट बाद वहां पर साइकिल पर सवार होकर भूप सिंह आया तो उन्होंने उस पर गोलियां चला दी। कमर में गोली लगने पर वह गिर गया। इसके बाद जान बचाने के लिए करीब 95 कूद दूर एक मकान में घुस गया लेकिन आरोपियों ने पीछा करते हुए दो गोली सिर, एक गोली पेट और कमर में मारी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक पर 11 मारपीट के केस हैं दर्ज, एक साल पहले आया था जमानत पर
पुलिस के अनुसार भूप सिंह पर 11 मारपीट और एक सड़क हादसे का केस दर्ज है। सभी मामलों में भूप सिंह विचाराधीन था। करीब एक साल पहले वह जेल से जमानत पर आया था। जमानत पर आने के बाद से वह खेती-बाड़ी कर घर चला रहा था। इसके अलावा वह अपनी कार को बतौर टैक्सी भी चलाता था।
मृतक के भाई कुलबीर के बयान एक महिला समेत पांच नामजद पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों के बयान के मुताबिक वारदात पुरानी रंजिश के चलते दी गई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
- शमशेर सिंह, सदर थाना प्रभारी।