एफडीडीआई में छात्रों का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्रों ने शुक्रवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर हड़ताल कर दी। इस बार विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया को भी विरोध का मंच बनाया है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि कोर्ट का फैसला नहीं आने तक छात्र हॉस्टल फीस नहीं देंगे। प्रबंधन की मनमर्जी किसी भी हालत में नहीं चलने दी जाएगी।
बता दें कि एफडीडीआई (फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट) में छात्रों की डिग्री को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में प्रबंधन ने छात्रों से हॉस्टल और मेस की फीस लेने के लिए दो दिन का नोटिस जारी कर दिया। इसे लेकर छात्रों में आक्रोश है। मामले को लेकर शुक्रवार को छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर हड़ताल कर दी। छात्र संदीप प्रियदर्शी का कहना है कि प्रबंधन हॉस्टल और मेस फीस मांग रहा है। मेस फीस देने को तैयार हैं, लेकिन हॉस्टल फीस तब तक नहीं देंगे, जब तक कोर्ट का फैसला नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो हड़ताल जारी भी रखी जा सकती है।
ट्वीटर तक पहुंचे विरोध के स्वर
अब छात्रों ने सोशल मीडिया पर भी विरोध जताना शुरू कर दिया है। छात्रों ने शुक्रवार को ट्वीटर और वाट्सअप पर मैसेज किए। इसमें छात्रों ने लिखा है कि ‘माननीय प्रधानमंत्री महोदय, देश के ढेरों छात्रों के भविष्य की रक्षा करें’। ‘साहब हमारी एवं हमारे दोस्त जनों के भविष्य की रक्षा करें’।
फैशन डिजाइन के कुछ छात्रों ने क्लास ज्वाइन नहीं की। इनके अलावा फुटवियर, रिटेल और बिजनेस मैनेजमेंट के छात्रों ने सामान्य तरीके से अपनी पढ़ाई की।
- अतुल अस्थाना, सेंटर इंचार्ज एफडीडीआई।