रोहतक। प्रशासन द्वारा जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माणों व काॅलोनियों को गिराने का अभियान निरंतर जारी है। सोमवार को सुनारिया कलां में 5.45 एकड़ जमीन में विकसित की जा रही 2 अवैध कालोनियों में 1 निर्माण, पानी एवं सीवर लाइन कनेक्शन, सीसी पेवर ब्लॉक रोड़ नेटवर्क को तोड़ा गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला पुलिस समेत भारी पुलिसबल तैनात रहा।
उपायुक्त अजय कुमार ने लोगों से अपील की है कि वह अपने जीवन की जमा पूंजी को अवैध निर्माण अथवा भू-माफियाओं द्वारा विकसित की जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों में निवेश न करें। प्रशासन द्वारा ऐसे निर्माणों व अवैध कॉलोनियों को गिराने के लिए नियमित अंतराल पर अभियान चलाया जाता है। नागरिक अपने जीवन की जमा पूंजी को निवेश करने से पहले जिला नगर योजनाकार के कार्यालय में पूछताछ कर सकते है। तोड़फोड़ के दौरान जिला नगर योजनाकार सुमनदीप, ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार बंशीलाल व कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तोड़-फोड़ अमले के साथ मौजूद रहा।