रोहतक। जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में तीन घंटे देरी से पहुंचे उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने आधारभूत ढांचा व मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न कराने पर ओमैक्स सिटी प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई। साथ में हिदायत दी कि 24 दिन में एक जनवरी तक नगर निगम के खाते में 10 करोड़ रुपये जमा करवाए, नहीं तो हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ओमैक्स सिटी को टेकओवर कर लेगा। उपमुख्यमंत्री ने परिवेदना समिति की बैठक में 13 में से 6 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया।
परिवेदना समिति की वीरवार को करीब ढाई माह बाद बैठक हुई। समिति के अध्यक्ष उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को दोपहर तीन बजे रोहतक पहुंचना था, लेकिन कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते शाम करीब 6 बजे जिला विकास भवन पहुंचे। सभी विभागों के अधिकारी व शिकायत लेकर पहुंचे लोग उनका इंतजार करते रहे। बैठक में ओमेक्स सिटी के लोगों की ओर से रखी गई शिकायत की सुनवाई पर पहुंचे कंपनी के प्रबंधक को उपमुख्यमंत्री ने जमकर हड़काया। साथ ही अगली बैठक में कंपनी के सीईओ स्तर के अधिकारी को पहुंचने का आदेश दिया।
यहीं नहीं, दुष्यंत चौटाला ने ओमैक्स सिटी से संबंधित शिकायत के संदर्भ में कहा कि नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में गठित की गई समिति की रिपोर्ट के अनुसार अतिरिक्त बिजली कनेक्शन के लिए 18 हजार रुपये से ज्यादा राशि का भुगतान नहीं किया जा सकता है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ओमैक्स सिटी की ओर से अतिरिक्त बिजली कनेक्शन के लिए 65 हजार की राशि की मांग की गई है।
रिसर्च स्कॉलर प्रदीप कुमार की शिकायत पर एमडीयू के कुलसचिव को निर्देश दिए कि वे विवाद से संबंधित सभी दस्तावेज उपायुक्त को सौंपें। उपायुक्त अन्य विश्वविद्यालयों से पीएचडी के संदर्भ में नियम मंगवाकर इनका विश्लेषण करेंगे व पीएचडी मामले में कानूनी राय भी लेंगे।
गढ़ी बोहर निवासी रेखा की शिकायत पर एसपी को प्लाॅट पर अवैध कब्जा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर एक माह में कार्रवाई के आदेश दिए। शिकायतकर्ता की ओर से प्लॉट बेचने पर उसे रद्द कर दिया जाए।
सेक्टर-37 निवासी राजकुमार को वन सिटी में निर्मित फ्लैट के बेसमेंट की गुणवत्ता की जांच कराने के लिए 60 हजार रुपये फीस जमा कराने को कहा। डीटीपी की ओर से डिजाइन की जांच की जाए व नक्शा पास करने वाले दोषी कर्मचारी को चार्जशीट किया जाए।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक को सेक्टर-27 में भूमि अधिग्रहीत किए गए किसानों को 10 प्रतिशत कोटे के प्लॉट देने के बारे में पत्राचार करें। संबंधित किसान परेशान नहीं होने चाहिए। उन्होंने लाखनमाजरा निवासी ओम प्रकाश की शिकायत पर महम के एसडीएम से कहा कि वह पंचायतीराज व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मौका निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराएं।
विभाग भी हुडा, लेने वाला भी हुडा और वोट फिर भी हुड्डा को..
किसान विक्रम सिंह ने अधिग्रहीत भूमि के बाद कोटे के तहत मिलने वाले प्लाॅट न मिलने की शिकायत दुष्यंत चौटाला से की। इस पर उन्होंने कहा कि जमीन लेने वाला हुडा और विभाग भी हुडा, फिर भी आप लोग हुड्डा को वोट दे रहे हैं। इतनी बात कहने पर सभागार में बैठे सभी अधिकारी व शिकायतकर्ताओं ने खूब ठहाका लगाया।
जिला नगर योजनाकार विभाग को सस्पेंड कर दूंगा तो काम कौन करेगा
शिकायतकर्ता राजकुमार यादव ने पिछले तीन महीने से अपने फ्लैट से संबंधित मामले में कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों को सस्पेंड करने की बात कही तो उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूरे विभाग को सस्पेंड कर दूंगा तो अन्य लोगों के काम कौन करेगा। हालांकि मामले की दोबारा से जांच के आदेश दिए गए हैं।