08सीटीके20..दिल्ली रोड स्थित एक निजी होटल में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते महम विधायक
रोहतक। महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू का कहना है कि ओलंपिक में महिला पहलवान विनेश का अचानक दो किलोग्राम भार बढ़ना किसी साजिश से कम नहीं है। साथ गए कोच क्या कर रहे थे, उनकी क्या भूमिका रही। इसकी जांच होनी चाहिए। ब्रजभूषण का नेटवर्क अब भी सक्रिय है। इस बात से इंकार नहीं होना चाहिए। कुंडू शुक्रवार को सेक्टर एक के सामने होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कुंडू ने कहा कि विनेश के ताऊ की बेटी भाजपा पार्टी में शामिल है। उनका यह कहना है कि हुड्डा राज में उसकी बेटियों के साथ भेदभाव हुआ। इस तरह की बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। विनेश युवाओं की प्रेरणा है। अगर वह चाहे तो हरियाणा जनसेवक पार्टी (हजपा) उनको टिकट देकर चुनाव लड़ाएगी। प्रदेश में सरकार बनी तो विनेश को खेलमंत्री बनाया जाएगा।
खेलमंत्री बनाने की घोषणा करें हुड्डा, भाजपा राज्यसभा में भेजे
विधायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ढाई माह बाद प्रदेश में सरकार आने का दावा करते हैं। हुड्डा घोषणा करें कि दादरी से विनेश फोगाट को विधानसभा का टिकट दिया जाएगा। सरकार बनने पर उनको खेलमंत्री बनाया जाएगा भाजपा विनेश को खेल कोटे से राज्यसभा में भेजे या प्रदेश के सभी विधायक मिलकर उनको राज्यसभा के लिए चुनें। एक सवाल का जवाब देते हुए कुंडू ने कहा कि पहले उन्होंने नवीन जयहिंद को राज्यसभा में भेजने के लिए समर्थन की घोषणा की थी, लेकिन अब वह विनेश को राज्यसभा में भेजने का समर्थन करते हैं। साथ ही दो माह का वेतन भी दूंगा।