रोहतक। रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा के आह्वान पर नया बस अड्डा परिसर में चल रही राेडवेज साझा मोर्चा के सदस्याें की 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल खत्म हो गई। सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर यातायात प्रबंधक को परिवहन महानिदेशक के नाम पत्र सौंपा।
रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि जल्द ही रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को लागू किया जाए, नहीं तो 8 जून को प्रदेश के रोडवेज कर्मचारी परिवहन मंत्री के आवास का घेराव करेंगे। भूख हड़ताल शामिल साझा मोर्चा के सदस्यों ने बताया सरकार कर्मचारियों की मांगों को जायज मानकर लागू करने का आश्वासन देती आ रही है, लेकिन मांगों को लागू नहीं किया जा रहा। इससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। सरकार न कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कर रही और न ही विभाग में कर्मचारियों की भर्ती कर रही है। बसों की मरम्मत, साफ सफाई व आम जनता परिवहन सुविधा देने में परेशानी आ रही है। सरकार बिना किसी की मांग के 362 मार्गों पर प्राइवेट बस परमिट देने की योजना बना रही। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई 2024 को कई मांगों पर सहमति बनी थी, जिसमें चालक-परिचालक की पे-ग्रेड की वेतनमान के वेतनविंगति दूर करना, चालक-परिचालकों को रात्रि ठहराव एक माह में 25 देना और चालक, परिचालक, निरीक्षक, उप निरीक्षक व कर्मशाला के कर्मचारियों को एक वर्ष में 30 देय अर्जित अवकाश देना जैसी अनेक मांगें शामिल हैं। इस अवसर पर राज्य मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य विरेंद्र सिंगरोहा, नरेंद्र दिनोद, सुमेर सिवाच, मुकेश दुहन, सुरेश नहरा, नरेश सिवाच, सुमेश कुंडू आदि रहे।