04सीटीके18... पीजीआई विजय पार्क में धरने पर बैठे नर्सिंग एसोसिएशन के सदस्य। संवाद
रोहतक। पीजीआईएमएस रोहतक की नर्सिंग एसोसिएशन ने रविवार को सुबह 8:00 बजे से 3:00 बजे तक ड्यूटी की और इसके बाद करीब 1 घंटे तक विजय पार्क में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रधान विकास फोगाट ने बताया कि उन्होंने सरकार को ज्ञापन दे रखा है कि वे 3 अगस्त से 6 अगस्त तक सुबह 8:00 बजे से 3:00 बजे तक ड्यूटी करेंगे। इसके बाद एसोसिएशन का कोई भी कर्मचारी इवनिंग व नाइट शिफ्ट में काम नहीं करेगा। सात अगस्त को सभी एक दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे। यदि 7 अगस्त रात्रि 12:00 बजे तक भी सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
विकास फोगाट व जनरल सेक्रेट्री राहुल वत्स ने कहा कि वे कोई नाजायज मांग नहीं कर रहे हैं। सिर्फ केंद्र की तर्ज पर अपने भत्ते बढ़वाने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद भी सरकार जानबूझकर प्रदेश की जनता को परेशान करना चाहती है और उनकी हड़ताल को बढ़वाना चाहती है।