माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। अब विधायक नहीं हूं। फिर भी मेरा पांच साल का काम बोलेगा। वर्तमान विधायक का काम जनता ही नहीं यह एलिवेटेड रोड बोलता है। इसके बावजूद मैं भूपेंद्र हुड्डा के घर पैदा नहीं हुआ, इसलिए जाट समाज ने मुझे नहीं स्वीकार किया।
मैं पंजाबी समाज में पैदा हुआ, इसलिए मुझे ठुकरा दिया। वर्तमान विधायक को भूपेंद्र हुड्डा के वोट मिलते हैं, मुझे नहीं। इसलिए मुझे जाति-पाति से मत देखो, मेरे काम से देखो। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर का विधानसभा चुनाव में मिली हार का दर्द शनिवार को छलक पड़ा। वह चारा मंडी में पहली बार दुकानदारों को दुकानें अलॉट होने की खुशी में आयोजित सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
पूर्व मंत्री बोले-दो बार पार्षद बना, एक बार विधायक। थोड़े से वोटों के अंतर से विधानसभा का चुनाव हार गया। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के स्थायी वोटों के कारण बतरा विधायक बन गए। मेरी सक्रियता व मेरे कामों में कोई कमी नहीं रही।
उन्होंने कहा कि कच्चा बेरी रोड पर सेकेंड फेज में एलिवेटेड फ्लाईओवर बनवाकर पूरी मंडी को शहर से जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया था। रोहतक विधानसभा से कई बार कांग्रेस के विधायक बने। उन्होंने एक बार भी इस समस्या की ओर नहीं देखा। चारा मंडी के दुकानदारों की पुरानी मांग पर कभी अमल नहीं किया।
उन्होंने जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के महेंद्रगढ़ में दिए बांग्लादेश, नेपाल व श्रीलंका जैसा आंदोलन यहां करना पड़ेगा...बयान पर कहा कि अजय चौटाला शायद नशा करता होगा। नशे में यह बयान दिया होगा। जनता उनकी हताशा को समझ रही है। इससे पहले चारा मंडी एसोसिएशन के प्रधान हंसराज ने अपने पदाधिकारियों के साथ पूर्व मंत्री का सम्मान किया।
चारा मंडी में 21 दुकानदारों को दुकानें अलॉट कीं
सरकार की ओर से चारा मंडी में 21 दुकानदारों को दुकानें अलॉट की गई हैं। जल्द ही 14 दुकानें और अलॉट होंगी। इस मौके पर मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अशोक चौधरी, जय सिंह हुड्डा, कृष्ण खुराना, राजकुमार खुराना, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप बुधवार, साहिल मग्गू, राजकुमार सुनारिया, सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।