जिला विकास भवन में शुक्रवार को गृहमंत्री अनिल विज की गैर मौजूदगी में जिला उपायुक्त आरएस वर्मा ने जिला कष्ट निवारण समिति की मीटिंग में शिकायतें सुनीं। इस दौरान एजेंडे में शामिल 13 में से 7 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया। डीसी ने हिदायत दी कि हुडा ओमैक्स सिटी में पीने का पानी सप्लाई करेगा। इसके लिए बिल्डर की तरफ से पेयजल लाइन जोड़ने के लिए आवेदन करना होगा। हालांकि शिकायतकर्ता का कहना कि ओमैक्स सिटी का एरिया ढाई किलोमीटर में फैला है। ऐसे में हुडा केवल दिल्ली रोड से लगते सेक्टर-28 में ही सप्लाई कर पाएगा। सेक्टर-26 में आपूर्ति हो पाना संभव नहीं है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मंगलवार तक पानी की सप्लाई सुनिश्चित करें।
शिकायतकर्ता आशीष पाराशर, सोमबीर, सुमित ने बताया कि जब से ओमैक्स सिटी में लोगों ने घर बनाए हैं, तब से पानी उपलब्ध नहीं कराया गया। अंडर ग्राउंड पानी में टीडीएस की मात्रा हद से ज्यादा है। पानी के सैंपल तक फेल हो चुके हैं। इस पर जिला प्रशासन ने बिल्डर के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई है। मामला जनवरी माह से गृहमंत्री अनिल विज की अध्यक्षता वाली जिला कष्ट निवारण समिति की मीटिंग में विचाराधीन है। नगर निगम की तरफ से बिल्डर के खर्च पर सफाई करवाई जा रही है, जबकि पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार की मीटिंग में गृहमंत्री अनिल विज की गैर मौजूदगी में ओमैक्स सिटी के लोगों ने फिर से शिकायत रखी। एडीसी महेंद्र पाल व एसडीएम राकेश कुमार ने विस्तृत रिपोर्ट रखी। एडीसी ने बताया कि जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य रमेश भाटिया व सतीश आहुजा के साथ मौके का मुआयना किया। जांच में सफाई व्यवस्था दुरुस्त मिली। पानी की समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो सका है। एडीसी ने बताया कि हुडा ओमैक्स सिटी को पानी देने के लिए तैयार है।
बिल्डर बोला-मैंने आरओ सिस्टम लगाया
मीटिंग में बिल्डर की तरफ से पहुंचे अधिकारी ने कहा कि, उन्होंने ओमैक्स सिटी में शुद्ध पेयजल की सप्लाई के लिए आरओ सिस्टम लगाया है। पानी शुद्ध करके सप्लाई किया जा रहा है। इस पर शिकायतकर्ता ने कहा कि मात्र डेढ़ इंच की लाइन से कितने लोगों की प्यास बुझ सकती है।
शिकायतकर्ता बोले-जहां 10 साल पहले थे, आज भी वहीं खड़े
दस साल से ओमैक्स सिटी में पानी की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। अब गृहमंत्री अनिल विज के दबाव में अधिकारी जो व्यवस्था करने जा रहे हैं, यह पहले भी हो सकती थी। हुडा की तरफ से दिल्ली रोड पर तिलियार के सामने से पानी का कनेक्शन जोड़ा जाएगा। इससे केवल ओमैक्स सिटी के सेक्टर-28 में पानी आ सकेगा। जहां से लाइन जोड़ी जाएगी, वहां से सेक्टर-26 ढाई किलोमीटर दूर पड़ता है। वहां तक पानी पहुंच पाएगा, इसमें संदेश है। अगर जिला प्रशासन ओमैक्स सिटी के पानी की समस्या का वास्तव में समाधान करना चाहता है तो सेक्टर 27 के नजदीक से कनेक्शन जोड़ा जाए।
सात सदस्यीय कमेटी जाएगी कृपाल नगर में
शहर के कृपाल नगर की सीवरेज की समस्या की सुनवाई करते हुए डीसी ने तय किया कि एसडीएम की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति गठित होगी। इसमें जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता, दो मनोनीत सदस्य व तीन शिकायत कर्ताओं को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि यह समिति मौके का अवलोकन करके रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके बाद समस्या का समाधान होगा।
सरकार की हिदायतों के तहत मिलेगा श्मशान गृह
उपायुक्त ने आजाद गढ़ स्थित विकास कल्याण समिति की शिकायत के संदर्भ में शमशान घाट की भूमि चिह्नित करने के लिए एक समिति का गठन किया जो मौके का निरीक्षण करके अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की पॉलिसी के तहत ही जन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती है। सरकार की हिदायतों अनुसार शमशान घर के लिए समिति की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हुडा के संपदा अधिकारी देंगे पूरी रिपोर्ट
डीसी ने विद्या गोयल व बिमला देवी की शिकायत की सुनवाई के बाद हुडा के संपदा अधिकारी को निर्देश दिये कि वे इस मामले में पूरी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि आगामी बैठक में कार्यवाही की जा सकें। उन्होंने आजाद गढ़ निवासी युद्घवीर सिंह की शिकायत की सुनवाई के उपरांत इस शिकायत का निपटारा कर दिया। इसके अलावा बनियानी गांव निवासी ओम प्रकाश की शिकायत के संदर्भ में उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा सही जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई गई है तथा यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस शिकायत का भी निपटारा कर दिया गया है।
1976 में रजिस्ट्री का नहीं था प्रावधान
डीसी ने कलानौर तहसील के गढ़ी बलम निवासी लख्मी की 100-100 वर्ग गज के प्लाट से संबंधित शिकायत के संदर्भ में कहा कि यह मामला सन 1976 से जुड़ा हुआ है। उस समय ऐसे प्लाट अलॉट किये जाते थे तथा रजिस्ट्री का प्रावधान नहीं था। उन्होंने एसडीएम को इस बारे पूरा रिकॉर्ड तलब करके जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सैमाण निवासी रामफल की खेत में सिंचाई हेतु बंद खाल को खुलवाने हेतु संबंधित शिकायत की सुनवाई के उपरांत महम के उपमंडलाधीश को निर्देश दिये कि वे संबंधित पार्टियों को बुलाकर इस मामले का निपटारा करवाये ताकि शिकायतकर्ता को फसल की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके।
60 हजार रुपये नहीं जमा कराए आगे, पूरी राशि जमा कराएं आवेदक
डीसी ने टिटौली निवासी सुरेश शर्मा की शिकायत के संदर्भ में शिकायतकर्ता को निर्देश दिये कि वे बिजली विभाग द्वारा वर्षों पहले लगाई गई हाई पॉवर की बिजली लाइन को शिफ्ट करवाने के लिए एस्टीमेट के अनुसार धनराशि जमा करवाये। बिजली अधिनियम के तहत बिजली लाइन के नीचे निर्माण करने वाले व्यक्ति को लाइन शिफ्ट करवाने के लिए पूरी राशि जमा करानी होगी।
फोन कर पूछा तो शिकायतकर्ता संतुष्ट मिला
मध्यप्रदेश के महू के सैन्य कालेज में क्लर्क के तौर पर कार्यरत ब्रजेश ने वसीयत से जुड़ी शिकायत की थी। तहसीलदार ने मामले की। इससे शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं आए। तहसील ने पूरी रिपोर्ट कमेटी में दी। डीसी ने कहा कि शिकायतकर्ता संतुष्ट है। इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल ने फोन करके शिकायतकर्ता से बात की। बताया कि शिकायतकर्ता ने अब तक की कार्रवाई से संतुष्टि जाहिर की है। इस बाद शिकायत बंद कर दी गई।
रिठाल फौगाट के विकास कार्यों की होगी जांच
रिठाल निवासी अजमेर ने डीसी को बताया कि गांव में विकास कार्यों में गड़बड़ी हुई है। मामले की शिकायत बीडीपीओ ने की। साथ ही अपनी रिपोर्ट डीसी के सामने रखी। इसके बाद डीसी द्वारा शिकायत में उठाये गये बिन्दुओं की जांच के लिए तकनीकी विभाग को गलियों की पैमाइश करने एवं सैम्पल लेने के निर्देश दिये गए। इनकी रिपोर्ट के उपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सुनारिया निवासी भूतपूर्व सैनिक सत्यनारायण की मुआवजे से संबंधित शिकायत के संदर्भ में कहा कि संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र ही उचित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने एजेंडे में शामिल सैमाण निवासी पवन कुमार की शिकायत का निपटारा करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को भैंस पालन के लिए ऋण उपलब्ध करवा दिया गया है।
मीटिंग में अधिकारी रहे मौजूद
जिला कष्ट निवारण समिति की मीटिंग में डीसी के अलावा पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, नगर निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा, जिला परिषद के चेयरमैन सतीश भालौठ, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, उपमंडलाधीश राकेश कुमार, अभिषेक मीणा एवं नवदीप नैन, नगराधीश जगनिवास, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, भाजपा जिला महामंत्री सतीश आहुजा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश भाटिया, ज्योत्सना रोहिल्ला व समिति के गैर सरकारी सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी तथा समिति के मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।