फाइल फोटो: परीक्षा देते विद्यार्थी
- फोटो : file photo
एचटेट लेवल-3 परीक्षा में नकल और फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के मद्देनजर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने इस बार नियमों में सख्ती की है। परीक्षार्थियों के घड़ी पहनकर पेपर देने आने और साथ में पर्स लाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं, कानों में बाली, नोज पिन, टॉप्स, चूड़ियां, कंगन, मंगलसूत्र, हेयर पिन, क्लचर और रबर बैंड की भी बारीकि से जांच की जाएगी। हालांकि, इन वस्तुओं पर बैन लगाने से संबंधित लिखित आदेश शिक्षा अधिकारियों के पास नहीं हैं, लेकिन इन्हें लेकर चर्चा चल रही है। केंद्र के अंदर प्रवेश करने से पहले पुलिसकर्मी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से चेकिंग करेेंगे। इसकी बाकायदा वीडियोग्राफी भी होगी और हर केंद्र पर वीडियोग्राफर भेजने और जैमर लगाने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
जिले के 40 केेंद्रों पर शनिवार दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा होगी। इसमें करीब 11,896 परीक्षार्थी बैठेंगे। परीक्षा के एक दिन पहले ही शाम को सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जा चुके हैं। हर परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी भी लगा दी गई है। सभी केंद्रों पर परीक्षा से संबंधित तैयारियों के लिए डीईओ सुनीता रुहिल ने उड़नदस्तों की एक बैठक ली, जिसमें प्रत्येक उड़नदस्ते को चार-चार परीक्षा केेंद्रों की जिम्मेदारी दी गई। बैठक के बाद सभी उड़नदस्तों ने अपने-अपने केंद्रों की तैयारियाें का जायजा भी लिया। परीक्षा केंद्रों पर केवल उन्हीं कर्मचारियों का प्रवेश मान्य होगा, जिनके पास आईडी कार्ड होगा। परीक्षा के दौरान भी केवल वे ही पुलिसकर्मी परिसर में रहेंगे, जिनकी ड्यूटी लगी हुई होगी।
नहीं लेकर जा सकेंगे पानी तक
परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी परीक्षार्थी लेखन सामग्री, पेंसिल, पर्स, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, रबर, घड़ी, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ एयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, धूप का चश्मा, बेल्ट, टोपी, ब्रेसलेट, कैमरा, खाद्य पदार्थ या पानी की बोतल लेकर नहीं ले जा सकेगा। इनमें समय व्यर्थ न हो, इसलिए परीक्षार्थी इनका ध्यान रखें।