माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। जिले के गांव काहनी में हुए सपना हत्याकांड में वांछित कुख्यात सुंदर उर्फ काला पर इनाम घोषित किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ 12 केस दर्ज हैं लेकिन दो साल पहले जमानत पर आने के बाद से फरार चल रहा है।
हत्याकांड की जांच में पता चला है कि सुंदर ने ही विदेश में बैठकर संजू व उसके साथियों को हथियार उपलब्ध कराए हैं। इतना ही नहीं पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू संजू, राहुल, गौरव व अंकित उर्फ बाबा के खिलाफ पहले कोई केस दर्ज नहीं है। चारों ने अभी अपराध में कदम रखा है।
सपना के पिता धर्मेंद्र ने वायरल वीडियो में कहा है कि सपना ने गांव के ही युवक सूरज से शादी करके ठीक नहीं किया था, फिर भी पिता होने के नाते वह चुप रहता था। बेटे संजू को दूसरे पक्ष की तरफ से टाॅर्चर किया जा रहा था। बेटा शराब पीकर कहता तो उसे समझाता था। कई बार पीटा भी कि कोई गलत काम नहीं करना है। उसे अपनी बहन को नहीं मारना चाहिए था।
....
मेरी बेटी जान से गई, बेटा जेल जाएगा
सपना की मां अनीता का कहना है कि सूरज के परिवार का कुछ नहीं बिगड़ा। उसकी बेटी सपना को जान गंवानी पड़ी जबकि बेटे संजू को अब अपनी ही बहन की हत्या के आरोप में जेल जाना पड़ेगा। वायरल वीडियो में उसने कहा कि सपना के घर से जाने के बाद उसे मिलने तक नहीं दिया गया। किसी तरह वे समझा लेते। शादी के बाद संजू को टॉर्चर किया गया। संजू ने कब हत्या की साजिश रची, उनको पता नहीं चला।
अनीता कहना है कि सपना ने जब गांव के अंदर ही शादी कर ली तो सबसे ज्यादा प्रभाव संजू पर पड़ा। वह 10वीं में तीन बार फेल हुआ। शराब भी पीने लगा था। शराब पीकर कुछ कहता तो उसके पिता उसे पीटते थे, इसलिए उसने घर पर कुछ भी बात करना बंद कर दिया था।
केस में अब आगे की जांच सदर थाना पुलिस करेगी। सीआईए द्वितीय ने मुठभेड़ के बाद आरोपियों को पीजीआई में दाखिल कराया था जो अभी दाखिल हैं। डॉक्टरों की अनुमति से ही आरोपियों को गिरफ्तार किया सकेगा।
यह था मामला
तीन साल पहले काहनी गांव की युवती सपना व सूरज ने कोर्ट मैरिज की थी। दोनों का दो साल का बेटा है। आरोप है कि बुधवार की रात को सपना का भाई संजू तीन अन्य साथियों के साथ घर में घुसा और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। सामने आए सपना के देवर साहिल को भी गोली मार दी। सीआईए पुलिस ने अगले दिन मुठभेड़ के बाद संजू व उसके तीन साथियों राहुल, गौरव व अंकित को गिरफ्तार कर लिया था।