26-रोहतक में काहनी निवासी सपना व सूरज। आर्काइव
- फोटो : विभाग
रोहतक। काहनी गांव के ऑनर किलिंग केस में पुलिस ने तीन माह 22 दिन बाद शुक्रवार को 318 पेज की चार्जशीट दाखिल कर दी। इसमें मृतका सपना के भाई काहनी निवासी संजू को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। साथ ही उसके साथी सोनीपत के गांव रूखी निवासी गौरव व राहुल को सह अभियुक्त माना गया है। चौथा आरोपी नाबालिग है।
कोर्ट में दाखिल आरोप पत्र में पुलिस की तरफ से खुलासा किया गया है कि काहनी निवासी सूरज व सपना सातवीं कक्षा से साथ पढ़ते थे। आठवीं कक्षा में ही एक-दूसरे से प्यार हो गया था। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। गांव में इसका विरोध हुआ तो दोनों रोहतक शहर में किराये पर रहने लगे।
इसी बीच सपना ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद वे गांव में आ गए। इससे सपना का भाई संजू बेहद खफा था। 19 नवंबर 2025 की रात सूरज घर पर नहीं था। आरोप है कि सपना का भाई संजू तीन साथियों के साथ घर में घुसा। सबसे पहले सपना को गोली मारी।
बचाव में आए उसके देवर साहिल को भी घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने जिले के बोहर-लाढ़ौत के बीच
मुठभेड़ के बाद तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया था जबकि चौथे नाबालिग को अभिरक्षा में लिया था। उसके खिलाफ पुलिस अलग से बाल न्याय कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करेगी।
वर्जन
काहनी के सपना हत्याकांड में तीन आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। इसमें पुख्ता सबूत शामिल किए गए हैं। चौथा आरोपी नाबालिग है, उसके खिलाफ अलग से बाल न्याय कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। - इंस्पेक्टर सुरेंद्र, सदर थाना प्रभारी
विदेश बैठे सुंदर उर्फ काला की गिरफ्तारी बाकी
सपना हत्याकांड में अब पुराने हिस्ट्रीशीटर सुंदर उर्फ काला की गिरफ्तारी बाकी है जो विदेश में बताया जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या आरोपी संजू आरोपी सुंदर उर्फ काला के संपर्क में था। काला ने ही संजू व उसके साथियों को हथियार उपलब्ध कराए हैं। काला का नाम गद्दी खेड़ी के सत्यवान हत्याकांड में भी आ चुका है। हालांकि पुलिस सत्यवान हत्याकांड में काला की भूमिका से इंकार कर चुकी है।