दोषी करार दिए जाने के बाद राम रहीम के साथ रोहतक जेल तक आई उसकी गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत का कोई सुराग नहीं लगा है। राम रहीम के साथ रोहतक में नजर आने के बाद से वह न तो डेरे में मिली है और न ही डेरा प्रमुख के परिजनों के साथ दिखाई दी। चर्चा थी कि वह जेल से आने के आर्य नगर में किसी अनुयायी के घर पर रुकी थी।
इसके बाद हनीप्रीत कहां गई, किसी को भी नहीं पता। राम रहीम दोषी करार दिए जाने के बाद रोहतक जेल में लाया गया था। उसके साथ हेलिकॉप्टर में उसकी गोद ली बेटी हनीप्रीत भी थी। वह राम रहीम के जेल जाने तक उसके साथ रही थी। चर्चा हुई थी कि हनीप्रीत जेल के अंदर भी गई थी। हालांकि पुलिस ने दावा किया था कि हनीप्रीत को पहले ही वापस भेज दिया गया था।
वहीं, पुलिस को अभी तक डेरे के अनुयायी संजय चावला के बारे में भी सुराग नहीं लगा है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। बता दें कि अनुयायी संजय के घर के सामने से एक बैग में पेट्रोल से भरी हुई पांच बोतल बरामद हुई थी। पुलिस ने आशंका जाहिर की थी कि पेट्रोल का दुरुपयोग करने का प्रयास किया जाना था।
इसी संबंध में पुलिस को संजय से पूछताछ करनी है। चर्चा यह भी रही थी कि आर्य नगर में संजय चावला के घर पर ही हनीप्रीत रुकी थी। आर्य नगर चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज एसआई रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस कई बार संजय के घर जा चुकी है। उसकी रिश्तेदारी में भी पता लगाया जा रहा है।