14सीटीके26...मॉडल टाउन स्थित कैप्टन दीपक शर्मा चौक पर लगे बाजार से पिता के साथ पिचकारी की खरीदा
रोहतक। होली के त्योहार के लिए बाजार सजने शुरू हो चुके हैं। इस वर्ष बाजार में आई रिचार्जेबल बैटरी से चलने वाली स्नाइपर पिचकारी बच्चों को अत्यंत लुभा रही है। यह पिचकारी दिखने में स्नाइपर गन की तरह है। इस पिचकारी से पानी की धार सौ मीटर दूर तक जाती है और साथ में पिचकारी के नीचे लांचर भी लगा हुआ है। बाजार में स्नाइपर पिचकारी 1,500 रुपये के दाम से शुरू होकर 2,600 रुपये तक उपलब्ध है।
होली त्योहार पर बच्चों में पिचकारी को लेकर विशेष क्रेज रहता है। ऐसे में हर साल नई प्रकार की पिचकारी इस्तेमाल करने का बच्चों को शौक रहता है। स्नाइपर पिचकारी के साथ-साथ प्रैशर वाली पिचकारी, पांच सुराख वाली पिचकारी, कंधे पर टैंक टांगने वाली पिचकारी, एक बार में चार लीटर पानी वाली डालने वाली पिचकारी और बबल्स वाली पिचकारी भी बाजार में उपलब्ध है। दुकानदार राजीव ने बताया कि होली के त्योहार से दस दिन पहले ही हर साल बाजार में पिचकारियां ले आते हैं। इस वर्ष स्नाइपर पिचकारी नई आई है। सभी पिचकारियों की अलग-अलग खासियत है।