रोहतक। विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है। चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए हिस्ट्रीशीटर और गुंडाएक्ट में निरुद्ध बदमाशों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। इसी माह इनको नोटिस देने और मुचलके में पाबंद करना शुरू कर दिया जाएगा।
पुलिस ने अभी से चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए योजना तैयार कर ली है। पुलिस की ओर से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा जिले में हिस्ट्रीशीटर और गुंडाएक्ट व असामाजिक तत्वाें करने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे करीब 300 लोग रडार पर हैं। इनमें चुनाव को प्रभावित करने वालों को चिन्हित करके उनको नोटिस देने की प्रक्रिया इसी माह से शुरू कर दी जाएगी। कुछ लोगों को मुचलका में भी पाबंद किया जाएगा।
गांवों में आपसी विवाद वाले भी रडार पर
कुछ गांवों में आपसी विवाद के कारण भी चुनाव में झगड़ा-फसाद कर सकते हैं। ऐसे लोगों को भी पुलिस ने अपने रडार पर ले लिया है और ग्रामवार उनको चिन्हित करने की जिम्मेदारी थानास्तर पर दी गई है।
चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। हिस्ट्रीशीटर और गुंडाएक्ट के तहत निरुद्ध व असामाजिक तत्वों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव में गड़बडी या झगड़ा-फसाद करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
-हिमांश गर्ग, पुलिस अधीक्षक रोहतक।